भोपाल में 19 नवंबर से होगा विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज, सलीमा टेटे संभालेंगी भारत की कमान
हॉकी इंडिया ने भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक होने वाली विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के लिए 18 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। मिडफील्डर सलीमा टेटे को कप्तान बनाया गया है।
भोपाल। एशियन गेम्स में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम अब घरेलू मैदान पर एक और खिताब अपने नाम करने उतरेगी। हॉकी इंडिया ने मंगलवार को मध्यप्रदेश विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 के लिए 18 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। मिडफील्डर सलीमा टेटे को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के नवनिर्मित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत समेत एशिया की छह टीमें हिस्सा लेंगी। भारतीय टीम के सामने लगातार तीसरी और कुल चौथी बार चैंपियन बनने की चुनौती होगी।
जापान में पिछले महीने आयोजित एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के बाद यह भारतीय महिला टीम का पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होगा। टीम उसी प्रदर्शन और लय को बरकरार रखते हुए अपने घरेलू दर्शकों के सामने खिताब बचाने की कोशिश करेगी।
यह भी पढ़ें:दीपावली की खुशियों को AQI से मत नापिए, इंदौर महापौर को सेहत से ज्यादा बारूदी हवा प्यारी
भोपाल में होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की टीमें मैदान पर उतरेंगी। टूर्नामेंट राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेला जाएगा। जिसमें प्रत्येक टीम को बाकी पांच टीमों के खिलाफ मुकाबले खेलने होंगे। लीग चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। भारतीय महिला टीम अब तक 2016, 2023 और 2024 में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीत चुकी है। दक्षिण कोरिया के नाम भी इस प्रतियोगिता के तीन खिताब हैं। ऐसे में भारत के पास इस बार लगातार तीसरी जीत के साथ कुल चौथी बार ट्रॉफी हासिल करने का अवसर रहेगा।
प्रतियोगिता की शुरुआत 19 नवंबर को चीन और थाईलैंड के बीच होने वाले मैच से होगी। उद्घाटन समारोह के बाद भारतीय टीम मलेशिया के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी। भारतीय टीम का लीग कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा। 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान के खिलाफ मैच होगा। लीग चरण के बाद 27 नवंबर को सेमीफाइनल खेले जाएंगे। जबकि, 28 नवंबर को फाइनल और अन्य पदक मुकाबले आयोजित होंगे।
भारतीय टीम के मुख्य कोच स्वोर्ड मारिज्ने ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान कुछ खिलाड़ियों को उनकी नियमित पोजिशन से अलग भूमिका में उतारा जा सकता है। इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी क्षमता और नई जिम्मेदारियों के प्रति अनुकूलन को परखना है। उन्होंने कहा कि टीम के अन्य खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना जरूरी है। घरेलू दर्शकों के सामने खेलने को लेकर खिलाड़ी उत्साहित हैं और टीम साल का समापन अच्छे प्रदर्शन के साथ करना चाहती है।
यह भी पढ़ें:स्वच्छता सम्मान की दौड़ से बाहर हुआ भोपाल, कांग्रेस ने निगम कार्यालय में झाड़ू लगाकर किया विरोध
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने एशियन गेम्स में मिली ऐतिहासिक सफलता के बाद इस टूर्नामेंट को भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के पास अपनी जीत की लय कायम रखने और घरेलू मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करने का अवसर है। वहीं, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने मध्यप्रदेश में एशिया की शीर्ष महिला हॉकी टीमों के जुटने को गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम मौजूदा चैंपियन के रूप में प्रतियोगिता में उतरेगी और अपने खिताब की रक्षा करने का प्रयास करेगी।




