नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक समेत 6 लोगों के खिलाफ CBI ने भ्रष्टाचार के एक मामले में चार्जशीट दायर की है। CBI ने ये कार्रवाई ऐसे समय में की है जब सत्यपाल मलिक की तबियत बेहद खराब है और वे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। अस्पताल से उनकी तस्वीर भी सामने आई है जिसमें उनकी स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
CBI चार्जशीट दाखिल होने के बाद सत्यपाल मलिक के सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर उनकी तस्वीर पोस्ट की गई है। इसके साथ ही मलिक की ओर से लिखा गया है कि, 'नमस्कार साथियों। मेरे बहुत से शुभचिंतकों के फ़ोन आ रहे हैं जिन्हें उठाने में मैं असमर्थ हूं। अभी मेरी हालत बहुत खराब है मैं किसी से भी बात करने की हालत में नहीं हूं। 11 मई से राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती हूं संक्रमण की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती किया गया था। अब स्थिति बहुत गंभीर है और पिछले तीन दिनों से किडनी की डायलिसिस की जा रही है।'
सत्यपाल मलिक के खिलाफ कश्मीर के किरू हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में चार्जशीट दाखिल की है। यह मामला करीब 2,200 करोड़ रुपए के सिविल वर्क्स कॉन्ट्रैक्ट में गड़बड़ी को लेकर है। CBI ने इसी मामले को लेकर 22 फरवरी 2024 को सत्यपाल मलिक के ठिकाने पर छापा मारा था। साथ ही दिल्ली में 29 अन्य ठिकानों पर भी रेड की थी।
दरअसल, सत्यपाल मलिक ने 17 अक्टूबर 2021 को कहा था कि उन्हें जम्मू-कश्मीर का राज्यपाल रहते 300 करोड़ की रिश्वत ऑफर हुई थी, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया। इसके बाद CBI ने अप्रैल 2022 में जम्मू-कश्मीर सरकार के कहने पर मामला दर्ज किया था। मलिक अगस्त 2018 से अक्टूबर 2019 तक जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल थे। वह कृषि कानूनों व अन्य मुद्दों पर अपनी ही सरकार पर हमलावर रहे हैं। ऐसे में न उन्हें पद गंवानी पड़ी बल्कि अब जांच के दायरे में भी आ गए हैं।