भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव और पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त आदित्य विजय (एवी) सिंह का निधन हो गया है। उन्होंने बुधवार, 11 नवंबर को 83 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। एवी सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में प्रदेश के मुख्य सचिव की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके कार्यकाल के दौरान ही दिसंबर 2003 में उमा भारती के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी किडनी फेल हो चुकी थी और जून से ही वे बुरी तरह अस्वस्थ थे। 22 अक्टूबर 1943 को जन्मे एवी सिंह 1970 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी थे। वे अपनी प्रशासनिक दक्षता और कार्यशैली के लिए पहचाने जाते थे। उन्होंने अपने लंबे प्रशासनिक करियर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। 

एवी सिंह मार्च 2002 से जनवरी 2004 तक मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव रहे। इससे पहले वे ग्वालियर और भोपाल जिलों के कलेक्टर के रूप में भी सेवाएं दे चुके थे। वे केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर भी पदस्थ रहे। मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें राज्य निर्वाचन आयुक्त बनाया गया था।

आदित्य विजय सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, 'मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव श्री ए.वी. सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्‍हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। बाबा महाकाल से दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं।'