भोपाल। बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान एक पेंडेंट को लेकर विवादों में घिर गई हैं। भोपाल के कांग्रेस नेता और सामाजिक कार्यकर्ता अब्बास हफीज ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजा है। यह विवाद पेंडेंट में कुरान की आयत लिखे होने और करीना द्वारा इसे फैशन के तौर पर पहनकर सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करने को लेकर है। अब्बास हफीज ने करीना कपूर से सोशल मीडिया पोस्ट हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
अब्बास हफीज के मुताबिक, यह पेंडेंट भोपाल की बेगम शाहजहां ने अपनी आस्था के प्रतीक के रूप में बनवाया था। वह इसे पर्दे में पहनती थीं। पेंडेंट में कुरान की आयत लिखी हुई है, जो मुस्लिम समुदाय की आस्था और सम्मान से जुड़ी है। ऐसे में इसका इस्तेमाल फैशन के लिए करना धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है।
अब्बास हफीज ने कहा कि करीना कपूर खान ने इस पेंडेंट को फैशन के तौर पर पहना और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने दीवाली के मौके पर इसे पहनने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि अगर करीना इसे ईद के मौके पर भी इसी तरह पहनतीं, तब भी उनकी धार्मिक भावनाएं आहत होतीं और वह उन्हें नोटिस देते।
अब्बास हफीज ने बताया कि उन्होंने अपने वकील के माध्यम से भोपाल कोर्ट के जरिए करीना कपूर खान को डिमांड नोटिस भिजवाया है। नोटिस में उनसे सोशल मीडिया से संबंधित पोस्ट हटाने और माफी मांगने की मांग की गई है। उनका कहना है कि यदि करीना पोस्ट नहीं हटातीं और माफी नहीं मांगतीं तो वह कानूनी तौर पर आगे की कार्रवाई करेंगे।
अब्बास हाफिज ने यह भी कहा कि उन्हें करीना के कलगी या लिबास पहनने पर कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन उन्होंने जिस पेंडेंट को पहना है, वह करीब 400 साल पुराना है। इस पर कुरान की आयतें लिखी हुई हैं। कांग्रेस नेता ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में उनकी आपत्ति व्यक्तिगत है और इसका कांग्रेस पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि डिमांड नोटिस के बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।