कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की तबियत बिगड़ी, दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हुई हैं। उन्हें बुखार की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया। फिलहाल डॉक्टरों की एक टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।

Updated: Sep 03, 2023, 01:34 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को तबियत बिगड़ने के बाद दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोनिया गांधी को हल्के बुखार के लक्षण हैं। वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। 

सोनिया गांधी इससे पहले भी इसी तरह की स्वास्थ्य दिक्कतों का सामना कर चुकी हैं और पहले भी इसी अस्पताल में उनका इलाज चला था। साल 2023 में सोनिया गांधी दो बार अस्पताल में भर्ती हो चुकी हैं। सांस में इंफेक्शन के इलाज के लिए उन्हें 12 जनवरी 2023 को दिल्ली के सर गंगाराम में भर्ती कराया गया था। 17 जनवरी 2023 को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। इसके अलावा मार्च में भी वे बुखार के चलते अस्पताल में भर्ती हुई थीं।

सोनिया गांधी की तबियत बिगड़ने की खबर आने के बाद देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। बता दें कि सोनिया गांधी दो दिन पहले ही में मुंबई में हुई INDIA की बैठक में शामिल हुईं थी, जहां राहुल गांधी भी पहुंचे थे।