नई दिल्ली। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने भारत पर जमकर कहर बरपाया है। कोरोना संक्रमण के बेतहाशा फैलाव व रोज बढ़ रही मौतों के आंकड़ों ने लोगों की चिंताएं बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटे में कोरोना ने पुराने सभी रिकार्ड्स को ध्वस्त करते हुए 2.61 लाख लोगों को अपने जद में लिया है। इस दौरान डेढ़ हजार से ज्यादा मौतें भी हुई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक देश में बीते 24 घंटे में अबतक का सर्वाधिक रिकॉर्ड 2 लाख 61 हजार 500 मरीज सामने आए हैं। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1 करोड़ 47 लाख 88 हजार 109 तक जा पहुंचा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में कुल 1 हजार 501 लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ देश में अबतक हुई कुल मौतों का सरकारी आंकड़ा 1 लाख 77 हजार 150 हो गया है।

यह भी पढ़ें: उत्तरप्रदेश सरकार के कोविड कमांड सेंटर ने कोरोना मरीज को दी मर जाने की सलाह

कोरोना से ठीक हुए लोगों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में महज 1 लाख 38 हजार 423 मरीज ठीक हुए हैं। इसी के साथ अबतक कोरोना से कूल 1 करोड़ 28 लाख 9 हजार 643 लोग ठीक हुए हैं। देशभर में सक्रिया मामलों का आंकड़ा काफी तेजी से बढ़ा है जो भयावह है। वर्तमान में देशभर में 18 लाख 1 हजार 316 एक्टिव केस हैं। बीते 7 महीनों में शनिवार को सबसे ज्यादा लोगों की मौत हुई है। 

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के मुताबिक देशभर में शनिवार को 15 लाख 66 हजार 394 सैंपल जांचे गए हैं। वहीं 17 अप्रैल 2021 तक कुल टेस्टिंग 26 करोड़ 65 लाख 38 हजार 416 नमूनों की जांच हुए हैं। देश में जारी टीकाकरण अभियान में भी थोड़ी तेजी दर्ज की गई है। शनिवार को देशभर में 26 लाख 84 हजार 956 लोगों को टीका लगाया गया है। अबतक कुल 12 करोड़ 26 लाख 22 हजार 590 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।

यह भी पढ़ें: ऑक्सीजन टैंकर के इंदौर पहुंचते ही प्रचार करने लगे बीजेपी के नेता, लोगों की ज़िंदगियों पर दे दी अपने प्रचार को तरजीह

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश में फिलहाल कोरोना मृत्यु दर 1.20 फीसदी है, जबकि रिकवरी रेट करीब 87 फीसदी है। कोरोना के एक्टिव मामलों और कुल संक्रमितों की संख्या में भारत विश्वभर में दूसरे स्थान पर है। हालांकि, स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा है कि मौत के मामलों में भारत अमेरिका, ब्राजील और मेक्सिको से पीछे है।