कोरोना का कहर: लगातार तीसरे दिन मिले 2 लाख से अधिक मरीज, 1341 मौत के साथ टूटे सारे रिकॉर्ड

पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 2 लाख 34 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए, यह अबतक का सर्वाधिक दैनिक मामला है, बीते 24 घंटे में 1342 लोगों की मौत भी हुई है

Updated: Apr 17, 2021, 06:11 AM IST

Photo Courtesy: IndianExpress
Photo Courtesy: IndianExpress

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के दूसरे लहर का प्रकोप हर गुजरते दिन के साथ भयावह होता जा रहा है। कोरोना ने पिछले 24 घंटे में सभी पुराने रिकार्ड्स को ध्वस्त कर दिया है। शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन देशभर में 2 लाख से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। बीते 24 घंटे में 1300 से ज्यादा लोगों की मौत भी हुई है। कोरोना के बेतहाशा बढ़ते मामलों ने देशभर में खौफ पैदा कर दिया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग द्वारा आज जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देशभर में 2 लाख 34 हजार 692 नए संक्रमित सामने आए हैं। इस दौरान 1 हजार 341 लोगों ने कोरोना से दम तोड़ दिया। पिछले सात महीने में यह अबतक का सर्वाधिक आंकड़ा है। वहीं पिछले 24 घंटे में महज 1 लाख 23 हजार 353 लोग ही कोरोना से ठीक हो पाए हैं। वर्तमान समय में देशभर में 16 लाख 79 हजार 740 एक्टिव केस हैं।

यह भी पढ़ें: उत्तरप्रदेश सरकार के कोविड कमांड सेंटर ने कोरोना मरीज को दी मर जाने की सलाह

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देशभर में अबतक कुल 1 करोड़ 45 लाख 26 हजार 609 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं। इस घातक महामारी से मरने वालों की संख्या भी बढ़कर 1 लाख 75 हजार 649 हो गई है। देशभर में अबतक 1 करोड़ 26 लाख 71 हजार 220 संक्रमित लोग कोरोना को मात देने में कामयाब हुए हैं। कई वेरिएंट्स के स्ट्रेन और डबल म्यूटेंट स्ट्रेन की वजह से इस बार कोरोना ने भारत को बुरी तरह से जकड़ लिया है। 

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देश में कोरोना के खतरनाक वैरिएंट सार्स सीओवी के 1189 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा 1109 सैंपल में यूके स्ट्रेन, 79 सैंपल में साउथ अफ्रीकन स्ट्रेन और 1 सैंपल ब्राजील के स्ट्रेन से संक्रमित मिला है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इन स्ट्रेन को देश के लिए चिंताजनक बताया है। दरअसल, कोरोना वायरस तेजी से अपना स्वरूप बदल रहा है और हर बदलता स्वरूप पहले वाले वायरस से ज्यादा घातक और जानलेवा है।

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में मौत का तांडव, श्मशान घाटों पर मुर्दे कर रहे अपनी बारी का इंतजार

राज्यों की बात करें तो देश में सबसे बुरी तरह से प्रभावित महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 63 हजार 729 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 398 लोगों की मौत हुई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को रिकॉर्ड 19,486 मामले दर्ज किए गए और 141 संक्रमितों की मौत हुई। राजधानी में एक दिन में यह अबतक का सबसे अधिक मामला है। पश्चिम बंगाल में भी चुनाव के बीच संक्रमण तेजी से अपना पांव पसार रहा है। शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में कुल 6 हजार 910 मामले दर्ज किए गए, जबकि 27 लोगों की मौत हुई।