भोपाल। कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खरगे ने "सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा" निकाल रहे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का समर्थन किया है। उन्होंने सिंह को पक्का सनातनी बताया है। खरगे ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें हिंदू धर्म का सिर-पैर नहीं पता।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियांक ने सोमवार को बेंगलुरु में मीडिया से बात करते हुए कहा, 'दिग्विजय सिंह एक पक्के सनातनी हैं। RSS को इस भावना का सिर या पैर तक नहीं पता। वे ऐसे व्यवहार करते हैं, जैसे वे 3 हजार साल पुराने धर्म के एकमात्र संरक्षक हैं, जबकि उन्हें बने हुए अभी 100 साल ही हुए हैं।'

उन्होंने हिंदू धर्म और हिंदुत्व को अलग बताते हुए कहा, 'हिंदू धर्म और हिंदुत्व में बड़ा अंतर है। हिंदुत्व RSS से शुरू हुआ, जबकि हिंदू धर्म हजारों साल से मौजूद है। इसलिए किसी हिंदू को RSS से कुछ सीखने की जरूरत नहीं है।' प्रियांक ने RSS पर आरोप लगाते हुए कहा कि RSS एक अनरजिस्टर्ड मनी लॉन्ड्रिंग यूनिट है, जो धर्म के नाम पर सभी अवैध गतिविधियां कर रही है।

बता दें कि दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे को लेकर कहा कि राम मंदिर के लिए जुटाए गए चंदे का इस्तेमाल BJP-RSS के कार्यालय बनाने और चुनावी गतिविधियों में किया गया। सिंह आगामी 20 अक्टूबर को विजयादशमी के दिन उज्जैन से अयोध्या तक "सत्य सनातन  स्वाभिमान यात्रा" निकाल रहे हैं।