बोकारो। देशभर में नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी बीच झारखंड के बोकारो से बड़ी खबर सामने आई है। यहां सुरक्षाबलों ने आठ नक्सलियों को मार गिराया है। इस एनकाउंटर में एक करोड़ का इनामी नक्सली भी मारा गया है।

एनकाउंटर सोमवार सुबह बोकारो जिले के लुगू और झुमरा पहाड़ के बीच जंगली इलाके में हुई। झारखंड के DGP अनुराग गुप्ता के मुताबिक इस मुठभेड़ में एक करोड़ रुपए का इनामी नक्सली प्रयाग मांझी उर्फ विवेक भी मारा गया। अब तक कुल 8 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में ताबड़तोड़ कार्रवाई के बीच बैकफुट पर नक्सली, 40 लाख के इनामी 22 नक्सलियों ने किया सरेंडर

DGP ने बताया कि शेष नक्सलियों की पहचान की जा रही है। इलाके में अभी और नक्सलियों के छिपे होने की जानकारी है। सर्च ऑपरेशन जारी है।घटनास्थल से एक AK सीरीज की राइफल, 1 एसएलआर, 3 इंसास राइफल कई हथियार भी बरामद किए गए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक गुप्त सूचना के आधार पर CRPF और जिला पुलिस के जवान इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों की नजर जवानों पर पड़ी और उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी फायरिंग की।

मुठभेड़ सोमवार सुबह करीब 5.30 बजे शुरू हुई, जो करीब ढाई घंटे तक चली। इस दौरान दोनों ओर से रुक-रुककर गोलियां चलती रहीं। नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने एक AK सीरीज की राइफल, 3 इंसास राइफल, एक SLR, एक पिस्टल और 8 देसी राइफलें बरामद की गई हैं। CRPF के मुताबिक, फिलहाल गोलीबारी बंद हो गई है। हालांकि, सर्च ऑपरेशन जारी है।