छत्तीसगढ़ में ताबड़तोड़ कार्रवाई के बीच बैकफुट पर नक्सली, 40 लाख के इनामी 22 नक्सलियों ने किया सरेंडर

सुकमा में नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है। यहां 22 नक्सलियों ने पुलिस और सीआरपीएफ अफसरों के सामने सरेंडर किया है।

Updated: Apr 19, 2025, 01:49 PM IST

सुकमा। छत्तीसगढ़ में ताबड़तोड़ एनकाउंटर के बीच नक्सली संगठन बैकफुट पर हैं। नक्सलियों द्वारा इस महीने दो बार शांति वार्ता का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। हालांकि, सुरक्षाबलों की कार्रवाई जारी है। इसी बीच सुकमा जिले से एक बड़ी खबर सामने है। यहां 22 नक्सलियों ने एक साथ पुलिस और सीआरपीएफ के अफसरों के सामने सरेंडर किया है।

बताया जा रहा है कि इन 22 नक्सलियों पर कुल 40 लाख रुपये का इनाम घोषित है। ये सभी नक्सली माड़ डिवीजन और नुआपाडा डिवीजन में सक्रिय रहे हैं। दरअसल, प्रदेश में नक्सलियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई के बीच नक्सल संगठन घबराया हुआ है। साथ ही सरकार की पुनर्वास नीति भी नक्सलियों को काफी प्रभावित कर रही है। ऐसे में जान बचाकर मुख्य धारा में लौटने के लिए ये नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं।

यह भी पढे़ं: बस्तर में कमांडर सहित दो खूंखार नक्सली ढेर, AK 47 रायफल सहित भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद

इसी कड़ी में सुकमा में शुक्रवार को एक साथ 22 नक्सलियों ने हिंसा का साथ छोड़कर सरेंडर कर दिया है। इसमें एक दंपति भी शामिल हैं। इन पर 8-8 लाख रुपये का इनाम घोषित है। इनके सरेंडर को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। आत्मसमर्पित 01 पुरूष एवं 01 महिला नक्सली पर 08-08 लाख, 01 पुरूष और एक महिला नक्सली पर 05-05 लाख, दो पुरूष एवं 05 महिला 02-02 लाख, 01 पुरूष नक्सल पर 50 हजार, कुल 40 लाख 50 हजार रुपये का ईनाम घोषित है।

प्रदेश को नक्सल मुक्त करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें लगातार काम कर रही हैं। नक्सलियों की पुनर्वास नीति नीति से लेकर कई घोषणाएं की गई हैं। जिस तरह से नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है, संगठन घबरा रहा है। नक्सलियों के पास छिपने के लिए ठिकाने नहीं बच रहे हैं। सुकमा में एक साथ बड़ी संख्या में नक्सलियों का सरेंडर पुलिस और सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता मानी जा रही है।