मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीतिक संकट अब खात्मे के कगार पर है। शिवसेना सत्ता से बाहर आ गई है। वहीं, बीजेपी सत्ता में वापसी कर रही है। मीडिया सूत्रों के मुताबिक, देवेंद्र फडणवीस राज्यपाल के सामने आज ही सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इसके बाद कल वे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शिंदे गुट के प्रवक्ता दीपक केसरकर ने कहा है कि एकनाथ शिंदे आज मुंबई जा रहे हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों दिग्गज नेता संयुक्त रूप से ऐलान कर सकते हैं।

बताया जा रहा है कि शिंदे गोवा से मुंबई के लिए रवाना हो चुके हैं। वे अकेले आ रहे हैं। उनके पास 39 विधायकों का समर्थन पत्र है। दरअसल, शिंदे गुट ने महाराष्ट्र सरकार को गिराने में जीत हासिल करने के बाद अब शिवसेना पर नियंत्रण का दावा ठोक दिया है। बागी नेता एकनाथ शिंदे का दावा है कि असली शिवसेना वही हैं। शिंदे का दावा है कि उनके पास पार्टी के दो तिहाई विधायक हैं।

मुंबई में मौजूदा हालात को देखते हुए केंद्र ने एकनाथ शिंदे की सुरक्षा बढ़ा दी है। उन्हें जेड प्लस सिक्योरिटी दी गई है। आज ही बीजेपी निर्दलीय MLAs और शिंदे गुट के समर्थन से सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। उसके बाद कल सीएम और डिप्टी सीएम शपथ लेंगे। इसके बाद स्पीकर का भी चुनाव होगा। नए स्पीकर द्वारा शिंदे गुट को शिवसेना विधायक दल के रूप में मान्यता दिए जाने की संभावना है। ऐसे में पार्टी का सिंबल भी उद्धव ठाकरे के हाथ से निकल सकता है।