झारखंड में स्पेनिश टूरिस्ट के साथ गैंगरेप, पति के साथ दुमका में टेंट लगाकर सो रही थी पीड़िता

स्पेन की यह महिला अपने पति के साथ बाइक से टूर पर निकली थी। वह दुमका के रास्ते भागलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रात के करीब 12:00 बजे वह हंसडीहा बाजार से पहले एक खेत में टेंट लगाकर सो गई।

Updated: Mar 02, 2024, 01:04 PM IST

दुमका। झारखंड के दुमका में शुक्रवार देर रात स्पेन की महिला से गैंगरेप हुआ। पीड़िता अपने पति के साथ टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थी। महिला की उम्र 30 साल है। महिला दुमका में घूम रही थी। रात होने पर पति के साथ एक खेत में टेंट लगाकर आराम कर थी तभी उसके साथ वारदात हुई। 

रिपोर्ट्स के अनुसार, स्पेन की यह महिला अपने पति के साथ बाइक से टूर पर निकली थी। वह दुमका के रास्ते भागलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रात के करीब 12:00 बजे वह हंसडीहा बाजार से पहले एक सुनसान जगह पर टेंट लगाकर सो गई। वहीं, आसपास के कुछ युवक पहुंचे और उससे गैंगरेप किया। उसके साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद आरोपी फरार हो गए।

वारदात के बाद महिला खुद बाइक चलाकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला के साथ गैंगरेप की पुष्टि की गई है। मामले की जांच के लिए जरमुंडी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। दुमका पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि महिला ने जंगल में कैंप लगाने की कोई जानकारी नहीं दी थी।

दुमका एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने सिर्फ इतना ही कहा है कि घटना हुई है। उन्होंने बताया कि पीड़िता ने बताया है कि पांच-छह लोगों ने घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। महिला का मेडिकल जांच कराया गया है. मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित स्पैनिश महिला को प्राथमिक इलाज के बाद दुमका लाया गया। सुबह पुलिस घटनास्थल की पड़ताल करने के लिए पहुंची।

मामला बजट सत्र के आखिरी दिन विधानसभा में भी उठा। BJP विधायक अमित मंडल ने इसे प्रदेश के साथ-साथ देश की बदनामी बताया। उन्होंने दुमका के SP को तत्काल हटाने की मांग की। आरोप लगाया कि अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है। मामले को लेकर झारखंड भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा, यह बहुत दुखद घटना है। मैंने DGP से सुबह ही बात की है। पीड़ित का इलाज होना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।