नई दिल्ली। दिल्ली में विपक्षी दलों के I.N.D.I.A. ब्लॉक की बैठक हो रही है। इसमें स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों पर चर्चा होगी। बैठक में कांग्रेस के राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी, आरजेडी के तेजस्वी यादव, जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला, लेफ्ट के नेता दीपांकर भट्टाचार्य और समाजवादी पार्टी के नेता कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया पहुंच चुके हैं।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बैठक में शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह पार्टी के अन्य नेता बैठक में पहुंचे हैं। अखिलेश राज्यसभा उम्मीदवारों के नामांकन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए लखनऊ में हैं। इस बैठक में आम आदमी पार्टी, डीमके की ओर से कोई नेता शामिल नहीं होगा। आम आदमी पार्टी लंबे समय से INDIA ब्लॉक की बैठकों से दूरी बनाए हुए है। जबकि DMK की हालिया तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद से कांग्रेस से मतभेद की ख़बरें सामने आई थी।
I.N.D.I.A. ब्लॉक की बैठक शुरू होने के साथ कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने X पर पोस्ट कर कहा कि बैठक में कांग्रेस (INC), समाजवादी पार्टी (SP), तृणमूल कांग्रेस (AITC), NCP (SP), शिवसेना (UBT), RJD, CPM, CPI, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (JKNC), PDP, JMM, CPI-ML, IUML, KC (M), MDMK, VCK, RSP, KC (J) और AIFB समेत कई दल शामिल हैं।
I.N.D.I.A. ब्लॉक की इस साल की यह दूसरी बैठक होगी। इससे पहले 8 जून को भी SIR और चुनाव आयोग की स्वतंत्रता के मुद्दे पर विपक्षी दलों की बैठक हुई थी। इसमें भी AAP और DMK शामिल नहीं हुई थी। SIR के मुद्दे पर विपक्षी दलों ने 28 जून को CJI सूर्यकांत को जॉइंट लेटर भेजा था। इसमें चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे उठाए गए थे। AAP और DMK ने भी इस जॉइंट लेटर पर साइन किए थे।
दिल्ली में INDIA ब्लॉक की बैठक से पहले तेजस्वी यादव ने चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में धांधली हुई है और दो चुनाव आयुक्तों ने भी इस पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए पहले ही कानूनों में बदलाव किए गए। उन्होंने दावा किया कि मतदान के रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने की अवधि एक साल से घटाकर 45 दिन कर दी गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मतदान खत्म होने के बाद जरूरत के हिसाब से वोटिंग प्रतिशत बढ़ाया या घटाया जाता है।