नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के चार चरणों में 379 सीटों पर मतदान हो गए हैं। शेष 164 लोकसभा सीटों पर आगामी तीन चरणों में वोटिंग होगी। पांचवें चरण के तहत कल यानी सोमवार (20 मई) को 6 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों पर वोटिंग होगी।
पांचवें चरण की 49 सीटों पर 695 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस चरण में 8.95 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस दौरान तकरीबन 9.47 लाख मतदान अधिकारी 94,732 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं का स्वागत करेंगे। 8.95 करोड़ से अधिक मतदाताओं में 4.69 करोड़ पुरुष, 4.26 करोड़ महिला और 5409 तृतीय लिंग (थर्ड जेंडर) मतदाता शामिल हैं।
पांचवें चरण के लिए 85+ वर्ष के 7.81 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता, 100 वर्ष से अधिक आयु के 24,792 मतदाता और 7.03 लाख दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) मतदाता हैं, जिन्हें अपने घर से ही आराम से मतदान करने का विकल्प प्रदान किया गया है। वैकल्पिक होम वोटिंग सुविधा को भी इस बार अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। शांतिपूर्ण मतदान हेतु मतदान और सुरक्षा कर्मियों को 17 विशेष रेलगाड़ियाँ और 508 हेलीकॉप्टर उड़ानों से ले जाया गया।
मतदाताओं को किसी भी प्रकार के प्रलोभन दिए जाने से सख्ती से और तेजी से निपटने के लिए कुल 2000 उडन दस्ते (फ्लाइंग स्क्वॉड), 2105 स्थाई (स्टेटिक) निगरानी टीमें, 881 वीडियो निगरानी टीमें और 502 वीडियो देखने वाली टीमें चौबीसों घंटे निगरानी रख रही हैं।
2019 में इन 49 सीटों पर सबसे ज्यादा भाजपा ने 32, शिवसेना ने 7, TMC ने 4 सीटें जीती थीं। कांग्रेस केवल यूपी की रायबरेली सीट जीत पाई थी। अन्य को 5 सीटें मिली थीं। इस फेज में राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी और पीयूष गोयल समेत 9 केंद्रीय मंत्री मैदान में हैं। जबकि रायबरेली से कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, अमेठी में स्मृति ईरानी के खिलाफ केएल शर्मा मैदान में हैं।
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (ADR) के मुताबिक, इस फेज के 615 उम्मीदवारों में से 23% यानी 159 उम्मीदवार पर क्रिमिनल केस दर्ज हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 227 यानी 33% उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनके पास एक करोड़ या उससे ज्यादा की संपत्ति है। केवल एक उम्मीदवार ने अपनी संपत्ति शून्य बताई है।
इस फेज में सबसे अमीर प्रत्याशी उत्तर प्रदेश की झांसी सीट से भाजपा उम्मीदवार अनुराग शर्मा हैं। उनके पास 212 करोड़ रुपए की संपत्ति है। 543 लोकसभा सीटों में चौथे फेज तक 380 सीटों पर मतदान हो गया है। 20 मई तक कुल 429 सीटों पर मतदान पूरा हो जाएगा। बाकी 2 चरणों में 114 सीटों पर वोटिंग होगी।