असम विधानसभा चुनाव से पहले रविवार को तिनसुकिया जिले के लेखापानी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत जगुन स्थित असम पुलिस कमांडो शिविर पर संदिग्ध आतंकवादियों ने हमला कर दिया। सूत्रों के अनुसार, हमले में चार असम पुलिस कमांडो घायल हो गए हैं। यह इलाका असम-अरुणाचल प्रदेश बॉर्डर के निकट है। स्थानीय लोगों ने स्वचालित हथियारों से भारी गोलीबारी और विस्फोट की सूचना दी है, जो ग्रेनेड या रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) हो सकते हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, असम में हमले में चार लोग घायल हो गए हैं और उन्हें डिब्रूगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हमला रात के करीब 2:00 बजे हुआ और लगभग 20 मिनट तक चला। अज्ञात बदमाशों ने शिविर पर घात लगाकर हमला किया और पांच ग्रेनेड फेंकने के बाद अंधाधुंध फायरिंग की। इसके बाद संदिग्ध मोर्टार से कई धमाके हुए।

अधिकारियों ने बताया कि कैंप पर कम से कम पांच RPG गोले दागे गए। इनमें से चार कैंप के अंदर ही फट गए। उन्होंने यह भी बताया कि धमाकों के बाद गोलीबारी भी हुई। तिनसुकिया के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस मयंक कुमार झा की अगुवाई में सीनियर पुलिस अधिकारियों की एक टीम घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने बताया कि इस हमले के बाद पूरे तिनसुकिया जिले और ऊपरी असम के दूसरे हिस्सों में सुरक्षा बढ़ा दी गई।

घटना को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि ये बेहद निंदनीय है। सेना और पुलिस ने उग्रवाद-विरोधी अभियान शुरू कर दिया है। मुझे लगता है कि जिन्होंने भी यह किया है, वे निश्चित रूप से पकड़े जाएंगे। बता दें कि पिछले साल अक्टूबर में भी ऐसी ही एक घटना हुई थी, जब कुछ संदिग्ध उग्रवादियों ने तिनसुकिया के काकोपाथर में भारतीय सेना के एक कैंप पर गोलीबारी की थी, इसमें तीन सैनिक घायल हो गए थे।