BJP: जेपी नड्डा ने गठित की राष्ट्रीय कार्यकारिणी, कैलाश विजयवर्गीय फिर महामंत्री, लाल सिंह आर्य अजा मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष

JP Nadda: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने 8 महीने बाद बनाई अपनी नई टीम, युवाओं को जगह, मध्य प्रदेश से चार नेता कार्यकारिणी में शामिल

Updated: Sep 27, 2020, 12:16 AM IST

नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के आठ महीने बाद जेपी नड्डा ने अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी गठित की है। नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मध्य प्रदेश से चार नेताओं को जगह मिली है। बंगाल के वर्तमान प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय को फिर से महामंत्री बनाया गया है। पूर्व मंत्री ओम प्रकाश धुर्वे राष्ट्रीय मंत्री होंगे।

 पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य अजा मोर्चा राष्ट्रीय के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। सांसद सुधीर गुप्ता को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है। मध्य प्रदेश में प्रदेश संगठन महामंत्री रहे अरविंद मेनन राष्ट्रीय मंत्री बनाए गए हैं। वे दिल्ली के प्रतिनिधि के रूप में शामिल किए गए हैं। अमित शाह की कार्यकारिणी में शामिल राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान, उमा भारती, विनय सहस्त्रबुद्धे और प्रभात झा को नई कार्यकारिणी में जगह नहीं मिली है।

 

नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कई नए चेहरों को जगह दी गई है तो कई दिग्गज बाहर हो गए हैं। राम माधव, पी. मुरलीधर राव, अनिल जैन और सरोज पांडे को महासचिव पद से हटा दिया गया है। नड्डा की नई टीम में भूपेंद्र यादव, अरुण सिंह, कैलाश विजयवर्गीय, दुष्यंत कुमार गौतम, डी. पुरंदेश्वरी, सी. रवि, तरुण चुग, दिलीप सैकिया महासचिव बनाए गए हैं।

बीजेपी कार्यकारिणी बीजेपी कार्यकारिणी

बीएल संतोष संगठन महासचिव बने रहेंगे। बीजेपी की नई टीम में यूपी के राजेश अग्रवाल को कोषाध्यक्ष बनाया गया है।कर्नाटक से बीजेपी के युवा सांसद तेजस्वी सूर्या को भारतीय जनता युवा मोर्चा की कमान दी गई है। वह पूनम महाजन की जगह लेंगे।