नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम का ऐलान हो गया है। इस टीम में कई बड़े चेहरों की एंट्री हुई है, तो कुछ चौंकाने वाले नाम भी शामिल हैं। बड़े चेहरों में वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव जैसे नेता शामिल हैं। तो मध्य प्रदेश के लाल सिंह आर्या जैसे चर्चाओं से दूर रहने वाले नेता को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नितिन नबीन कि टीम में कुल 13 उपाध्यक्ष और 8 महासचिव हैं। स्मृति ईरानी महासचिव, वसुंधरा राजे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाईं गईं। बीएल संतोष संगठन महामंत्री बने हैं। पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपनी टीम तैयार की। टीम में यूपी के 6 पदाधिकारी हैं। वहीं राजस्थान से 3, दिल्ली से 6, महाराष्ट्र से 4, उत्तराखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पंजाब, बंगाल, केरल और बिहार से 2-2 चेहरों को जगह दी गई है।
मध्य प्रदेश से भी 6 नेताओं को जगह मिली है। इनमें सबसे चौंकाने वाला नाम लाल सिंह आर्या का है। विधानसभा चुनाव हारने वाले आर्या ने प्रदेश के सभी दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए उपाध्यक्ष का पद अपने नाम किया है। दूसरा नाम है गजेंद्र पटेल। खरगोन सांसद पटेल को बीजेपी ने राष्ट्रीय महासचिव बनाया है। इसके अलावा राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है।
पार्टी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को भी बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें सारे प्रकोष्ठों का समन्वयक बनाया गया है। राज्यसभा सांसद बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल को भी दिल्ली में जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें पार्टी ने राष्ट्रीय मीडिया को-कन्वीनर नियुक्त किया है।