नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट के तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में मची हलचल का असर अब भारतीय पेट्रोल पंपों पर दिखने लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने पावर पेट्रोल की कीमतों में इजाफा कर दिया है, जिससे लग्जरी गाड़ियां चलाने वालों की जेब पर बोझ बढ़ेगा। हालांकि, सामान्य पेट्रोल की कीमत में बदलाव नहीं हुआ है।
देश की बड़ी तेल कंपनियों जैसे HPCL ने अपने प्रीमियम पेट्रोल जिसे 'Power' या 'XP95' भी कहा जाता है, की कीमतों में 2 रूपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। बता दें कि प्रीमियम पेट्रोल BPCL का स्पीड, HPCL का पावर और IOCL का XP95 के नाम से बिकता है। ये सामान्य पेट्रोल के मुकाबले 10-12 रुपए महंगा होता है। प्रीमियन पेट्रोल की कीमतों में यह बढ़ोतरी कच्चा तेल महंगा होने की वजह से की गई है। अमेरिका-इजराइल की ईरान के साथ चल रही जंग की वजह से कच्चा तेल बढ़ा है।
इस बढ़ोतरी के बाद भोपाल में प्रीमियम पेट्रोल की कीमत बढ़कर करीब 117 रुपए पहुंच गई है। सामान्य पेट्रोल की कीमत में बदलाव नहीं हुआ है। यहां सामान्य पेट्रोल 106.47 रुपए प्रति लीटर में बिक रहा है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 107 से लेकर 112.30 रुपए प्रति लीटर तक हो गई है। वहीं, मुंबई में प्रीमियम पेट्रोल 115-120.30 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। जबकि चेन्नई में 112-117.30 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गई है।
प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में इजाफे के पीछे मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और प्रीमियम फ्यूल में मिलाए जाने वाले एडिटिव्स की लागत बढ़ना माना जा रहा है। सामान्य पेट्रोल के मुकाबले यह पहले से ही 5 से 10 रुपए महंगा होता है। अब इस बढ़ोतरी के बाद यह अंतर और बढ़ जाएगा। आम जनता के लिए राहत की बात यह है कि बेस फ्यूल यानी सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नहीं छेड़ा गया है।