प्रियंका का ऑन स्पॉट एक्शन, छात्राओं ने बताई स्मार्टफोन और स्कूटी की जरूरत तो घोषणापत्र में शामिल की मांग

कल सड़कों पर कॉलेज की छात्राओं से मिलीं थीं प्रियंका, छात्राओं ने कहा था कि स्मार्टफोन के बिना पढ़ाई में होती है दिक्कत, आज सुबह प्रियंका का ऐलान, हमारी सरकार आई तो इंटर पास सभी को स्मार्टफोन और ग्रेजुएट छात्राओं को मिलेगी स्कूटी

Updated: Oct 21, 2021, 05:40 AM IST

Photo Courtesy: India.com
Photo Courtesy: India.com

लखनऊ। 'दीदी... स्मार्टफोन नहीं होने के चलते हमारी पढ़ाई बाधित होती है' ये शब्द उन कॉलेज छात्राओं के हैं जो कल सड़कों पर प्रियंका गांधी से बातें कर रहीं थीं। छात्राओं के मुताबिक प्रियंका गांधी ने तभी उनसे वादा किया कि कांग्रेस सरकार उन सभी को स्मार्टफोन दिलाएगी। आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने औपचारिक तौर पर भी ऐलान कर दिया है कि कांग्रेस सरकार आने पर इंटर पास सभी छात्राओं को स्मार्टफोन और ग्रेजुएट छात्राओं को इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी दी जाएगी।

दरअसल, कल आगरा जाते वक्त कुछ कॉलेज छात्राओं ने प्रियंका को घेर लिया था। वे प्रियंका से गले मिलना, उनके साथ तस्वीरें लेना और उनसे बातें करना चाहतीं थीं। प्रियंका गांधी भी छात्राओं को छोटी बहन कहकर बातें करने लगीं। जब बात सेल्फी लेने की पहुंची तो किसी के पास स्मार्टफोन नहीं होने के कारण प्रियंका ने अपने फोन से सेल्फी लिया। इस दौरान छात्राओं ने प्रियंका को कहा, 'दीदी स्मार्टफोन नहीं होने के चलते हमें पढ़ाई में भी काफी दिक्कत होती है।' 

छात्राओं के मुताबिक तभी प्रियंका गांधी ने उनसे वादा किया था कि कांग्रेस सरकार आने पर आप सभी को स्मार्टफोन दिलाऊंगी। आज कांग्रेस ने इसका औपचारिक ऐलान भी कर दिया है। प्रियंका ने ट्वीट किया, 'कल मैं कुछ छात्राओं से मिली। उन्होंने बताया कि उन्हें पढ़ाई व सुरक्षा के लिए स्मार्टफोन की जरूरत है। मुझे खुशी है कि घोषणा समिति की सहमति से आज UP कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि सरकार बनने पर इंटर पास लड़कियों को स्मार्टफोन और स्नातक लड़कियों को इलेक्ट्रानिक स्कूटी दी जाएगी।'

यह भी पढ़ें: प्रियंका गांधी के साथ सेल्फी पर भड़की योगी सरकार, महिला पुलिसकर्मियों पर लटकी कार्रवाई की तलवार

गौरतलब है कि 'लड़की हूं... लड़ सकती हूं' के स्लोगन और महिला शक्ति को 40 फीसदी टिकट देने का ऐलान के साथ प्रियंका गांधी ने यूपी चुनाव का आगाज किया है। प्रियंका के इस ऐलान के बाद महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कल आगरा जाने के क्रम में भी देखने को मिला कि उन्हें रोकने आई महिला पुलिसकर्मी उनके साथ खींचातानी करने के बजाए उन्हें गले लगाने लगीं। हालांकि, प्रियंका के लिए यह महिला पुलिसकर्मियों के दिल में यह अपनापन योगी सरकार को नागवार गुजरी और अब उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।