नई दिल्ली। बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह को भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) का अध्यक्ष चुने जाने को लेकर विवाद जारी है। इसके विरोध में ओलंपिक पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक ने कुश्ती से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। वही, स्टार पहलवान बजरंग पुनिया ने अपना पद्मश्री पुरस्कार पीएम मोदी के आवास के बाहर रख दिया।

यौन शोषण के आरोपी बृजभूषण के खिलाफ इस लड़ाई में कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने पहलवानों का समर्थन किया है। प्रियंका गांधी शुक्रवार शाम स्वयं साक्षी मलिक के आवास पर पहुंचीं और उनसे मुलाकात कीं। इस दौरान बजरंग पुनिया भी वहां मौजूद थे। मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि वह एक महिला के नाते यहां आई हैं।

प्रियंका ने कहा कि मिमिक्री से प्रधानमंत्री जी आहत हो गये, लेकिन देश का मान बढ़ाने वाली बेटी के यौन शोषण से आहत नहीं हुए। जो खिलाड़ी हमारा गौरव हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत से देश का झंडा ऊंचा किया। उनके साथ यह सरकार और कितना अत्याचार करेगी? हमारी महिला खिलाड़ियों ने भाजपा सांसद पर यौन शोषण का आरोप लगाया, लेकिन भाजपा सरकार ने अपने सांसद पर कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा पीड़िताओं को ही तरह-तरह से प्रताड़ित किया। भाजपा आज भी आरोपी के साथ खड़ी है और उसे हर तरह से पुरस्कृत कर रही है। पीड़ित खिलाड़ियों को जिस तरह से प्रताड़ित किया जा रहा है, वह झकझोर देने वाला है। देश की महिलाएं यह अत्याचार देख रही हैं।

प्रियंका गांधी के साथ राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी पहलवानों से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि ओलंपिक की पदक विजेता पहलवान (साक्षी मलिक) ने अपनी पहलवानी से संन्यास की घोषणा की और बेहतरीन पहलवानों में से एक पहलवान(बजरंग पुनिया) ने अपना पद्मश्री लौटाया जो कि बहुत दुख की बात है। इसी संबंध में मैं और प्रियंका गांधी उनसे मिलने आए और प्रियंका जी ने साक्षी को कहा कि इस अन्याय की लड़ाई में वो उनके साथ हैं।