लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस बड़ा दांव चला है। प्रियंका गांधी ने बड़ा एलान करते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देगी। इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को चुनावी मैदान में उतारे जाने के फैसले को कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है। 



कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने चालीस फीसदी महिलाओं को टिकट देने की घोषणा आज लखनऊ में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में की। प्रियंका गांधी ने घोषणा करते हुए कहा कि यह निर्णय प्रयागराज की उस पारो के लिए लिया गया है, जिसने मुझसे कहा था कि मैं नेता बनना चाहती हूं। 2019 में गंगा यात्रा के दौरान इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के होस्टल की लड़कियों ने बताया था कि होस्टल में लड़कों और लड़कियों के लिए नियम अलग अलग हैं। ये निर्णय उस लड़की के लिए लिया गया है जिसने मुझे बताया था कि उसके गांव में पाठशाला नहीं है।





उत्तर प्रदेश में कुल 14.71 करोड़ वोटर हैं। इन वोटरों में 7.90 करोड़ पुरुष हैं जबकि महिला वोटरों की संख्या 6.70 करोड़ है। प्रियंका गांधी योगी राज में महिलाओं पर बढ़ रहे अत्याचार के खिलाफ लगातार अपनी आवाज बुलंद कर रही हैं। ऐसे में महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिलाने से ओतप्रोत महिला सशक्तिकरण का विचार कांग्रेस को चुनावों में ड्राइविंग सीट पर ला सकता है। 



उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों से कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं को लखनऊ बुलाया गया था। इस दौरान प्रियंका गांधी ने महिला कार्यकर्ताओं से संवाद किया। अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रियंका गांधी ने खुद के चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि वे इस पर विचार करने के बाद निर्णय लेंगी। वहीं चुनावों में कांग्रेस के मुख्यमंत्री चेहरे के एलान को लेकर भी उन्होंने कहा कि समय आने पर सीएम चेहरे का एलान कर दिया जाएगा।