पटना। बिहार में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव हैं और कांग्रेस पार्टी साल की शुरुआत से ही चुनावी मोड में आ गई है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी एक्टिव मोड में आ गए हैं। राहुल गांधी पिछले चार महीने में तीसरी बार बिहार के दौरे पर हैं। राहुल गांधी सोमवार को बेगूसराय में चल रही कन्हैया कुमार की 'पलायन रोको, नौकरी दो' पदयात्रा में शामिल हुए।
कन्हैया कुमार की पदयात्रा में राहुल गांधी के शामिल होने को लेकर कांग्रेस समर्थकों में जोरदार उत्साह नजर आया। पदयात्रा की शुरुआत हो चुकी है और इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक शामिल हो रहे हैं। राहुल गांधी के करीब पहुंचने को लेकर कांग्रेस समर्थकों में होड़ नजर आई। राहुल गांधी का बेगूसराय से पटना भी पहुंचे जहां उन्होंने संविधान सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित किया।
यह भी पढे़ं: वक्फ बिल पर नीतीश की पार्टी में सियासी बवाल, JDU के 5 मुस्लिम नेताओं ने छोड़ी पार्टी
राहुल गांधी ने इस दौरान मोदी सरकार और RSS पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने माय एक्सपेरिमेंटस् विथ ट्रुथ लिखा था। मोदी जी शायद माय एक्सपेरिमेंटस् विथ लाइज लिखेंगे। शेयर बाजार में भारी गिरावट पर राहुल ने कहा कि अमेरिकी प्रेसिडेंट ट्रम्प ने शेयर बाजार की धज्जियां उड़ी दी है। आज मार्केट धराशाई हो गया है।
RSS पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश के संविधान में सावरकर की सोच नहीं है। इसमें महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू और अंबेडकर जैसे लोगों की सोच है। आज इस देश में आदिवासी, दलित सेकंड क्लास सिटिजन हैं। ये मैं ऐसे ही नहीं बोल रहा हूं। पढ़ लिखकर बोल रहा हूं। तेलंगाना में हमने जातीय गणना करवाई। उनका पूरा का पूरा डेटा हमारे पास है। इससे हम आपको आपका हक दिलवा सकते हैं। मोहन भागवत कहते हैं, जातीय गणना नहीं होनी चाहिए। अगर आपको चोट लगती है तो डॉक्टर कहता है कि एक्स-रे करो। इससे कुछ नुकसान नहीं होता। वहीं एक्स-रे हम कर रहे हैं।