नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मुकाबले में भारत और नामीबिया आमने सामने थे। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने 93 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल कर ली है। मुकाबले में पहले भारतीय बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 210 रनों का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार खेल दिखाते हुए नामीबिया को महज 116 रनों पर ऑल आउट कर दिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 रन बनाए थे। हालांकि, पारी के आखिरी चरण में टीम ने सिर्फ 4 रन जोड़ने में 5 विकेट गंवा दिए थे जिससे स्कोर 209/4 से 209/9 पर पहुंच गया था। इसके बावजूद शुरुआती ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी ने मैच का रुख पहले ही तय कर दिया था।
इस दौरान सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने 24 गेंदों में 61 रन की विस्फोटक पारी खेली जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 254 से ज्यादा रहा। संजू सैमसन ने सिर्फ 8 गेंदों पर 22 रन ठोके जिसमें 3 छक्के शामिल थे। तिलक वर्मा ने 25 रन जोड़े। जबकि, कप्तान सूर्यकुमार यादव 12 रन ही बना सके थे। मध्यक्रम में हार्दिक पंड्या ने 28 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेली जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे। नामीबिया की ओर से कप्तान जेरार्ड इरासमस सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 विकेट झटके और भारतीय पारी को आखिरी ओवरों में झटका दिया था।
210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की शुरुआत दबाव में रही थी। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और टीम कभी मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी। 18.2 ओवर में पूरी टीम 116 रन पर ऑलआउट हो गई थी। नामीबिया के लिए लौरेन स्टीनकैंप ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए थे लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिल सका।
भारत की ओर से गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने 2 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 3 विकेट लिए और मैच पर पकड़ मजबूत की। हार्दिक पंड्या ने 4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट झटके। अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 20 रन देकर 1 विकेट लिया था। जबकि, शिवम दुबे और अर्शदीप सिंह को केवल 1 ही विकेट मिल सकी थी।