नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के छतरपुर में केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन की आंच अब दिल्ली तक पहुंच गई है। परियोजना से प्रभावित लोगों ने गुरुवार को दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और मांगों से अवगत कराया।

प्रभावित परिवारों ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सामने परियोजना के चलते होने वाले विस्थापन, जमीन, मुआवजा और पुनर्वास समेत कई मुद्दे रखे। उन्होंने बताया कि परियोजना के कारण बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें अपनी जमीन व घर से जुड़े भविष्य को लेकर चिंता है।

राहुल गांधी ने प्रभावित लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनकी मांगों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्रभावित परिवारों के अधिकारों और उनकी मांगों को लेकर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट को लेकर छतरपुर में प्रभावित ग्रामीण लंबे समय से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि परियोजना के कारण उनकी जमीन, घर और आजीविका प्रभावित होगी। प्रभावित लोग उचित मुआवजे, पुनर्वास और अन्य मांगों को लेकर सरकार से जवाब की मांग कर रहे हैं।