गुरुग्राम। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव नहीं रहे। सोमवार सुबह 8.16 बजे 82 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांसें ली। समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक हैंडल से अखिलेश यादव की ओर से लिखा, "मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे।"





देश के पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव को बीते 1 अक्टूबर की रात तबियत ज्यादा बिगड़ने पर मेदांता के आईसीयू में शिफ्ट किया गया था, जहां डॉक्टरों का एक पैनल उनका इलाज कर रहा था। मेदांता के PRO ने बताया था कि मुलायम सिंह को यूरिन में इन्फेक्शन के साथ ही ब्लड प्रेशर की समस्या बढ़ गई थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार को सैफई में मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।



मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को उत्तर प्रदेश के सैफई में हुआ था। पांच भाई-बहनों में वे दूसरे नंबर पर थे। उनकी पढ़ाई-लिखाई इटावा, फतेहाबाद और आगरा में हुई। मुलायम कुछ दिन तक मैनपुरी के करहल में जैन इंटर कॉलेज में प्राध्यापक भी रहे। मुलायम सिंह की दो शादियां हुईं। पहली पत्नी मालती देवी का निधन साल 2003 में ही हो गया था। जबकि दूसरी पत्नी साधना गुप्ता का इसी साल 9 जुलाई को निधन हो गया था। इसके बाद वे अंदर से टूट चुके थे और काफी बीमार हो गए। अखि‍लेश यादव मुलायम की पहली पत्नी के ही बेटे हैं।