नई दिल्ली। दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में बुधवार को INDIA ब्लॉक की आठवीं बैठक हुई। करीब 3 घंटे चली बैठक में SIR, EVM-VVPAT और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने पर एक राय बनी। इस दौरान देशभर में चरणबद्ध तरीके से लोकतंत्र बचाओ अभियान भी तय किया था। साथ ही 6 अक्टूबर को EC तक मार्च का भी ऐलान किया गया।
बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि मोदी- शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयोग को कठपुतली बना दिया है। भाजपा चुनाव आयोग के साथ वोट चोरी कर रही है। आगामी चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाने चाहिए। उन्होंने बताया कि विपक्ष 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में मार्च निकालेगा। 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग का घेराव किया जाएगा।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि 2 से 8 अक्टूबर तक जिला स्तर पर ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकाले जाएंगे और हर जिलाधिकारी के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए लोगों को बताया जाएगा कि यह अभियान क्यों चलाया जा रहा है। खड़गे ने कहा कि 6 अक्टूबर को विपक्ष के सभी सांसद चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे।
उन्होंने बताया कि विपक्षी सांसद आज ही चुनाव आयोग जाना चाहते थे, लेकिन सभी सांसदों को दोबारा बुलाकर प्रदर्शन को व्यवस्थित तरीके से करने का फैसला लिया गया, इसलिए 6 अक्टूबर की तारीख तय की गई है। उन्होंने कहा कि सभी राज्यसभा सदस्य और लोकसभा सांसद, चाहे वे किसी भी दल से हों और जो देश में लोकतंत्र की रक्षा करना चाहते हैं, उन्हें इस मार्च में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
खड़गे ने कहा कि तीसरे कार्यक्रम के तहत विपक्ष के नेता अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगेंगे। राष्ट्रपति को एक ज्ञापन सौंपकर विपक्ष के सामने आ रही कठिनाइयों और संवैधानिक बाधाओं से अवगत कराया जाएगा। खड़गे ने आगे कहा कि चौथे कार्यक्रम के तहत पांच बड़ी रैलियां आयोजित की जाएंगी। इन रैलियों की तारीख और स्थान बाद में तय कर सभी को इसकी जानकारी दी जाएगी।
इस दौरान पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें (CEC ज्ञानेश कुमार) तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। आइए लोकतंत्र को बचाएं और लोगों की सुरक्षा, उनके मतदान के अधिकार को सुरक्षित करें। यह हमारा संवैधानिक अधिकार है। यह जनता के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। अगर लोग वोट नहीं कर पा रहे हैं, अगर उनके वोट के अधिकार को छीना और धोखा दिया जा रहा है, तो देश कहां जाएगा? इसलिए हमारी अपील है। यह हमारी मांग है, हमारी पुरजोर मांग है।