नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड मामले पूछताछ के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ईडी दफ्तर से बाहर आ गईं हैं। पहले बताया गया था कि लंच के बाद उनसे फिर पूछताछ शुरू होगी। हालांकि, अब जानकारी मिली है कि आज की पूछताछ समाप्त हो गई है।



कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने कहा कि दोपहर तीन बजे के बाद ईडी के पास प्रश्न नहीं थे। सोनिया गांधी द्वारा पूछताछ के लिए उपलब्ध रहने की पेशकश के बावजूद आज कि पूछताछ समाप्त की। वहीं गिरफ्तार कांग्रेस नेताओं को भी छोड़ दिया गया है।





इधर कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक ईडी के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन हो रहा है। दिल्ली में कांग्रेस के 75 सांसदों की गिरफ्तारी भी हुई है।



केंद्रीय जांच एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए 75 कांग्रेसी सांसदों में मल्लिकार्जुन खड़गे, शशि थरूर, अजय माकन और पी चिदंबरम भी शामिल हैं।  



इनके अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट को भी गिरफ्तार किया गया है। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि ये अन्याय चल रहा है और अन्याय की राजनीति नहीं होनी चाहिए। हिरासत में लिए जाने के बाद सचिन पायलट ने कहा कि लोकतंत्र में एजेंसी का दुरुपयोग हो रहा है। उसके जवाब में हम अहिंसक तरीके से विरोध कर रहे हैं ये हमारा अधिकार है। लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने का काम हो रहा है। 



ईडी के खिलाफ यूथ कांग्रेस ने दिल्ली में शिवाजी ब्रिज पर उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान सैंकड़ों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन पर तीन ट्रेनें रोक दी।





कांग्रेस दफ्तर के बाहर प्रदर्शन कर रहे यूथ कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। 



कांग्रेस दफ्तर के बाहर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हल्ला बोल जारी है। यहां कुमारी शैलजा, सुप्रिया श्रीनेत समेत कई नेता धरने पर बैठे हुए हैं। प्रदर्शन कर रहे महिला कांग्रेस नेताओं ने 'विपक्ष पर करोगे प्रहार, तो होगी लोकतंत्र की हार' के बैनर के साथ सरकार विरोधी नारे लगाए। कांग्रेस ऑफिस के बाहर पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने 'शर्म करो शर्म करो मोदी सरकार' के भी नारे लगाए।