नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग(UPSC) ने आज सिविल सर्विस परीक्षा 2021 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में श्रृति शर्मा ने टॉप किया है। खास बात ये है कि शीर्ष तीन स्थानों पर लड़कियों ने कब्जा जमाया है। अंकिता अग्रवाल दूसरा और गरिमा सिंगल ने तीसरा स्थान हासिल किया है।

जानकारी के मुताबिक श्रुति शर्मा उत्तर प्रदेश के बिजनौर की रहने वाली हैं। उन्होंने दिल्ली में अपनी पढ़ाई पूरी की है। वह इतिहास की छात्रा हैं। श्रुति ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफंस कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है और जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) से पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है। उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया रेसिडेंश्यिल कोचिंग अकैडमी (RCA) से सिविल सर्विस की कोचिंग ली है।

खास बात ये है की शीर्ष पांच टॉपर्स में सिर्फ एक लड़का है। चौथे स्थान पर ऐश्वर्या वर्मा और पांचवें स्थान पर उत्कर्ष द्विवेदी का नाम है।

यूपीएससी सीएसई 2021 फाइनल रिजल्ट में कुल 685 अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया गया है। वहीं 80 अभ्यर्थियों को अनंतिम रूप से चयन केे लिए रिकमन्ड किया गया है। इसके अलावा एक अभ्यर्थी का रिजल्ट अभी रोका गया है। यूपीएससी मेंस परीक्षा 2021 में भाग लेने वाले अभ्यर्थी अपना परिणाम यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर चेक कर सकते हैं। 

परीक्षार्थियों के मार्क्स रिजल्ट की घोषणा के करीब 15 दिन बाद जारी किए जाएंगे। इससे पहले आयोग ने 17 मार्च को सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2021 का रिजल्ट जारी किया था। मुख्य परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों के इंटरव्यू 5 अप्रैल से 26 मई 2022 तक लिए गए, जिसका फाइनल नतीजा सोमवार को घोषित किया गया। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2021 भर्ती के जरिए, आईएएस, आईएफएस, आईपीएस व ग्रुप ए व ग्रुप बी के 749 पदों को भरा जाएगा।