अयोध्या में चढ़ावा चोरी को लेकर मचे बवाल के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद के लिए भर्ती निकाली गई है। ट्रस्ट की ओर से इसकी अधिसूचना जारी की गई है। साथ ही ट्रस्ट ने इस पद के लिए योग्य उम्मीदवार की योग्यता भी निर्धारित की है। राम मंदिर ट्रस्ट ने CEO के पद के लिए इच्छुक और पात्र उम्मीदवारों के आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिसके लिए कुछ योग्यताएं मांगी गई हैं और आवेदन की अंतिम तिथि भी निर्धारित की गई है। साथ ही आवेदन की अंतिम तिथि भी ट्रस्ट की ओर से जारी की गई है।
अधिसूचना के मुताबिक, 50 से 70 साल के उम्मीदवार 18 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को ई मेल के माध्यम से अपना आवेदन फॉर्म भरना होगा। उम्मीदवारों को अपने आवेदन ईमेल एड्रेस searchcommittee.srjbt@gmail.com पर भेजने हैं।
इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का सबसे पहले ग्रेजुएट होना जरूरी है और हिंदू होना अनिवार्य है। इतना ही नहीं वो सक्रिय रूप से पूजा-पाठ करने वाला व्यक्ति भी हो। इस पद के लिए आवेदन करने और ‘वैष्णव परंपरा’ से ताल्लुक रखने वाले राम भक्तों को चयन में वरीयता दी जाएगी। साथ ही उम्मीदवार को किसी बड़े सार्वजनिक संगठन, संस्थान, सरकारी विभाग या कंपनी में प्रबंधकीय जिम्मेदारियों का कम से कम 20 साल अनुभव हो।
जानकारी के मुताबिक, ट्रस्ट के नए CEO को मंदिर में दैनिक कामकाज और वित्तीय मामलों की देखरेख की जिम्मेदारी मिलेगी। ट्रस्ट ने कहा है कि आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का ज्ञान होना चाहिए। सीईओ पद पर चयनित उम्मीदवार को 3 साल के लिए नियुक्त किया जाएगा। इसके बाद उसके कामकाज के आधार पर उन्हें आगे रिटेंशन मिल सकता है। उम्मीदवारों को ईमेल के जरिए अपनी सभी जानकारी भेजनी है।
उधर, चंदा चोरी मामले में गिरफ्तार सभी 8 आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश किया। स्पेशल कोर्ट की जज प्रतिभा नारायण ने सभी आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिन (27 जुलाई तक) के लिए बढ़ा दी। इससे पहले, पुलिस ने आरोपी अविनाश, अनुकल्प, लवकुश और करुणेश को रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। चढ़ावा चोरी के आरोपियों को फैजाबाद जेल में अलग-अलग बैरक में रखा गया है।