हम आपके साथ खड़े हैं और हम मणिपुर में शांति वापस लाना चाहते हैं: राहुल गांधी

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दूसरे दिन राहुल गांधी ने कहा कि हमने मणिपुर से यात्रा शुरू करना इसलिए तय किया ताकि भारत के लोगों को यह एहसास हो सके कि मणिपुर के लोगों पर क्या गुजर रही है।

Updated: Jan 15, 2024, 04:11 PM IST

इंफाल। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का आज दूसरा दिन है। आज यात्रा इंफाल वेस्ट के सेकमई से शुरू हुई। मणिपुर में आज दिनभर के भ्रमण के बाद यात्रा रात में नगालैंड में प्रवेश करेगी। यात्रा के दूसरे दिन राहुल गांधी ने मणिपुर के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हम आपके साथ खड़े हैं और हम चाहते हैं कि मणिपुर में शांति वापस लौटे।

राहुल गांधी ने कहा, 'पिछले साल हमने कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा की थी, इसका उद्देश्य भारत के लोगों को एक साथ लाना था। यह बहुत सफल यात्रा थी। हम पूर्व से पश्चिम तक एक और यात्रा करना चाहते थे इसलिए हमने तय किया कि सबसे सशक्त काम मणिपुर से यात्रा शुरू करना होगा ताकि भारत के लोगों को यह एहसास हो सके कि मणिपुर के लोगों पर क्या गुजर रही है। हम आपके साथ खड़े हैं और हम मणिपुर में शांति वापस लाना चाहते हैं।'

भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा, 'राहुल जी, कल और आज विभिन्न नागरिक संस्थाओं से मिले। पहले जब हम मणिपुर आते थे, तो मणिपुरी संस्थाओं से मिलते थे। आज मणिपुर में अलग-अलग समुदाय की संस्थाओं से मिलना पड़ रहा है। सभी लोगों ने राहुल जी से कहा है कि मणिपुर में एक संवेदनशील पारदर्शी, जवाबदेही और सशक्त शासन की जरुरत है। यह एकमात्र राज्य है, जिसके 2 मंत्री पिछले 8 महीनें से लापता हैं।'

जयराम रमेश ने कहा कि लोकसभा में कांग्रेस पार्टी अविश्वास प्रस्ताव लेकर आई। अविश्वास प्रस्ताव का एक मात्र उद्देश्य था कि PM मोदी मणिपुर पर अपनी चुप्पी तोड़ें। लेकिन प्रधानमंत्री जी मणिपुर पर सिर्फ साढ़े 3 मिनट ही बोले।

कांग्रेस महासचिव के मुताबिक मणिपुर के राहत शिविरों में रहने वाले लोगों ने भी राहुल जी से कहा कि जैसा हमसे वादा किया गया था, वैसी राहत हमें नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि मणिपुर की पीड़ा और संकट, पूरे देश का संकट है। BJP-RSS की समाज को बांटने की राजनीति का नतीजा ही मणिपुर की हिंसा है।  

बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा का आज दूसरा दिन और रात में राहुल गांधी नागालैंड में प्रवेश करेंगे।शुरुआती दो दिनों में यह यात्रा 257 KM और 5 जिलों को कवर करेगी। 66 दिनों तक चलने वाली ये भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश के 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी। राहुल गांधी जगह-जगह रुककर स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे। इस दौरान राहुल 6700 किमी से अधिक का सफर तय करेंगे। ये यात्रा 14 जनवरी यानी कल शुरू हुई थी जो 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी।