पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दरबार में एक महिला की चेन चोरी हो गई। महिला ने इस बात की शिकायत जब मुख्यमंत्री से की तो खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दंग रह गए। नीतीश कुमार ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को महिला की शिकायत पर संज्ञान लेने के लिए कहा। इस पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद आरजेडी ने बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर नीतीश कुमार को घेरा है। 



नीतीश कुमार ने पांच वर्षों के बाद पहली बार आज जनता की फ़रियाद सुनने के लिए जनता दरबार लगाया। लेकिन जनता दरबार में उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला ने नीतीश कुमार से चेन चोरी होने की शिकायत की। महिला ने मुख्यमंत्री से कहा कि अंदर आते समय कोई उनके गले से चेन काटकर चला गया। महिला ने कहा कि उसके पीछे तीन लड़कियां चल रही थी। और किसी ने पीछे से ही सोने का चेन काट लिया। 





यह भी पढ़ें :  चिराग पासवान को महागठबंधन में शामिल कराने की कवायद में जुटी आरजेडी, लालू की सक्रियता बढ़ी



पहले तो नीतीश कुमार महिला की बात नहीं समझ पाए, लेकिन जैसे ही अधिकारियों ने नीतीश को महिला की शिकायत समझाई खुद नीतीश कुमार दंग रह गए। नीतीश ने अधिकारियों को महिला की शिकायत पर कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए। लेकिन इस मामले के सामने आने के बाद एक बार फिर से बिहार की कानून व्यवस्था कठघरे में खड़ी हो गई है। सवाल इसलिए भी खड़े हो रहे हैं क्योंकि यह घटना कहीं और नहीं खुद मुख्यमंत्री के जनता दरबार में हुई है।  





इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद राज्य के प्रमुख विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल ने बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर नीतीश कुमार की आलोचना की है। आरजेडी ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा है कि बिहार में क़ानून व्यवस्था इतनी जर्जर और अपराधियों के हौसले इतने बुलंद है कि नीतीश कुमार के दरबार में ही फ़रियादी महिला की चेन काट ली जाती है।