कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश की बीजेपी सरकार के कामकाज पर निशाना साधते हुए कहा है कि प्रदेश में शिवराज सरकार के आने के बाद से ही सब अमंगल हो रहा है। एमपी कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक विडियो ट्वीट किया है, जिसमें कांग्रेस ने कमलनाथ सरकार की 15 महीनों की कार्य शैली और वर्तमान सरकार की कार्य शैली की तुलना की है। कांग्रेस ने दोनों ही सरकारों के कामकाज की तुलना कर बताया है कि कमलनाथ सरकार के समय प्रदेश में सब मंगल था तो वहीं शिवराज सरकार के समय में सिर्फ अमंगल घटनाएं ही घटित हो रही हैं।

बीजेपी नेता के खिलाफ FIR का आवेदन

इसी क्रम में पीसी शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने टीटी नगर थाने में FIR दर्ज करने का आवेदन भी दिया है। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश कार्यालय मंत्री सत्यभूषण सिंह ने अपने लेटर पैड पर प्रदेश की सभी भाजपा इकाइयों को पत्र लिखा है। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की छवि खराब करने की कोशिश की गई है। इससे प्रदेश के अनेक जिलों में तनाव व्याप्त है और माहौल खराब हो सकता है। काग्रेस ने इस मामले में सत्यभूषण सिंह के खिलाफ साजिश रचने और सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने का आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।

कमल नाथ सरकार का पेश किया लेखा-जोखा

इसके अलावा मध्य प्रदेश कांग्रेस ने वीडियो के माध्यम से भी कमल नाथ सरकार की छवि चमकाने की कोशिश की है। मुख्यमंत्री के रूप में उनकी 15 महीने चलने वाली सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया है कि मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करते ही प्रदेश के किसानों के हित में उन्होंने पहला काम किया। कांग्रेस ने बताया कि इतिहास में पहली बार किसानों का 23 हज़ार करोड़ का ऋण माफ किया गया। कमलनाथ सरकार की बेहतरीन कार्य प्रणाली की वजह से ही प्रदेश में सोयाबीन और गेहूं की बंपर पैदावार हुई। सरकार की इंदिरा ज्योति योजना से प्रदेश के सभी वर्ग की जनता को बिजली के भारी भरकम बिलों से निजात मिली। इसके साथ ही कांग्रेस ने कमलनाथ सरकार द्वारा प्रदेश के मिलावटखोरों, भू माफिया और अपराधियों पर नकेल कसने की बात कही। प्रदेश में गौशालाओं का निर्माण, राजधानी में मेट्रो निर्माण सहित कमलनाथ सरकार द्वारा उठाए गए अन्य कई क़दमों का भी उल्लेख किया है।

शिवराज सरकार को बताया अमंगलकारी 

एमपी कांग्रेस ने कमलनाथ सरकार की उपलब्धियां गिनाने के अलावा शिवराज सरकार की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने दोनों ही सरकारों की तुलना करते हुए बताया कि एक तरफ जहां प्रदेश में कमलनाथ सरकार के समय सब कुछ मंगलकारी था तो वहीं शिवराज सरकार के आते ही प्रदेश में कोरोना तेज़ी से फैलने लगा। किसानों की ऋण माफ़ी बंद कर दी गई। गेहूं की फसल में किसानों से जबरिया वसूली की गई। देश में पेट्रोल डीज़ल की सबसे ज़्यादा कीमत मध्य प्रदेश की जनता को चुकानी पड़ी। प्रदेश के लाखों लोग बेरोजगार हो गए। 

प्रदेश में फिर होगा मंगल

वीडियो के अंत में कांग्रेस ने कहा है कि शिवराज सरकार से परेशान जनता अब कह रही है कि कमलनाथ के समय में प्रदेश में सब मंगल था लेकिन अब प्रदेश में अमंगल ही अमंगल हो रहा है। लेकिन मध्य प्रदेश कांग्रेस ने वीडियो ट्वीट कर कहा है कि अब प्रदेश में फिर से मंगल होगा। कांग्रेस ने उपचुनावों में जीत हासिल कर प्रदेश में कमल नाथ सरकार की वापसी का दावा किया है।