शहरी और आवासीय कार्य मंत्रालय ने एक तरफ जहां प्रियंका गांधी को लोधी स्टेट स्थित बंगले को ख़ाली करने का फरमान सुनाया है तो वहीं दूसरी ओर प्रियंका गांधी के लखनऊ शिफ्ट होने की अटकलें तेज़ हो गई हैं। प्रियंका गांधी जल्द ही लखनऊ स्थित कौल बंगले में शिफ्ट हो सकती हैं। इन अटकलों को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से जोड़ कर देखा जा रहा है। 2022 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रियंका काफी समय से उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल भी खड़ा कर रही हैं। माना जा रहा है कि अगर प्रियंका उत्तर प्रदेश में रह कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलती हैं, तो इससे राज्य में कांग्रेस की स्थिति मज़बूत हो सकती है।
Click Priyanka Gandhi : मोदी सरकार ने दिया बंगला खाली करने का नोटिस
कौल बंगले में शिफ्ट हो सकती हैं प्रियंका, एक महीने से मरम्मत जारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रियंका गांधी लखनऊ के कौल बंगले में शिफ्ट हो सकती हैं, जहां पिछले एक महीने से मरम्मत का काम भी चल रहा है। बता दें जिस बंगले में प्रियंका के शिफ्ट होने की चर्चा चल रही है। दरअसल वो बंगला इंदिरा गांधी की मामी शीला कौल का है। शीला कौल पांच बार संसद रहने के साथ साथ कैबिनेट मंत्री और हिमाचल प्रदेश की गवर्नर भी रह चुकी थीं। शीला का 2015 में सौ साल की उम्र में निधन हो गया।
Click Priyanka Gandhi : मैं इंदिरा गांधी की पोती हूं, धमकियों से नहीं डरती
योगी सरकार पर लगातार हमलावर हैं प्रियंका
प्रियंका गांधी हाल ही के कुछ दिनों से लगातार उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर हमलावर हैं। चाहे वो लॉकडाउन के दौरान बस पॉलिटिक्स हो, कानपुर बालिका गृह मामला हो। प्रियंका गांधी लगातार योगी सरकार को सवालों के कठघरे में खड़ा कर रही हैं। प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शुरू किए गए रोज़गार अभियान को लेकर भी कई महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं। इस समय उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का राजनीतिक वजूद हाशिए पर है। खुद राहुल गांधी देश की सबसे बड़ी सुरक्षित सीट माने जाने वाली सीट से लोकसभा चुनाव हार गए। ऐसे में कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में फिर से खड़ा करने का आसरा प्रियंका गांधी पर है।
यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के ट्वीट भी यही संकेत देते हैं। केंद्र के नोटिस के बाद अजय कुमार ने ट्वीट किए कि प्रियंका गांधी जी ने भाजपा सरकार के गरीब विरोधी, रोजगार विरोधी व महिला विरोधी रवैए के विरोध में मुखर होकर आवाज उठाई है। सच सामने लाने के चलते उन पर लगातार तरह-तरह के हमले किए गए। लेकिन वो जनता की समस्याओं को उठाने के लिए और उनके निदान के लिए चट्टान की तरह अडिग हैं।