भोपाल। जापान के आइची नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में मध्यप्रदेश की खेल अकादमियों से तैयार खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य शूटिंग अकादमी की नीरू ढांडा ने महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। जबकि, मनीषा कीर ने इसी स्पर्धा की टीम कैटेगरी में रजत पदक हासिल किया। वहीं, राज्य एथलेटिक्स अकादमी के देव कुमार मीना ने पुरुष पोल वॉल्ट में 5.50 मीटर की छलांग लगाकर अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड सुधार दिया।

नीरू ढांडा ने महिला ट्रैप के व्यक्तिगत फाइनल में 30 में से 28 सटीक निशाने लगाए। उनके इस प्रदर्शन ने 24 अंकों के पुराने एशियन रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस स्वर्ण पदक के साथ नीरू एशियन गेम्स में महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा का गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बन गई हैं।

नीरू का प्रदर्शन यहीं नहीं रुका। महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में उन्होंने मनीषा कीर और आशिमा अहलावत के साथ भारत को रजत पदक दिलाया। भारतीय टीम ने कुल 328 अंक बनाए। इसमें नीरू ने 118, आशिमा ने 106 और मनीषा ने 104 अंक हासिल किए। चीन की टीम के बाद भारत दूसरे स्थान पर रहा। मनीषा कीर के लिए यह एशियन गेम्स में लगातार दूसरी टीम पदक उपलब्धि है। वह 2022 के एशियन गेम्स में भी महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत पदक जीत चुकी हैं।

दूसरी ओर पुरुष पोल वॉल्ट में देव कुमार मीना ने 5.50 मीटर की ऊंचाई पार कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले उनका रिकॉर्ड 5.46 मीटर था जो उन्होंने जून 2026 में भुवनेश्वर में आयोजित 65वीं नेशनल इंटर स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बनाया था।

एशियन गेम्स के फाइनल में देव ने 5.05 मीटर की ऊंचाई पहली कोशिश में पार की। इसके बाद 5.20 मीटर दूसरी कोशिश और 5.35 मीटर पहली कोशिश में सफल रहे। 5.50 मीटर की ऊंचाई उन्होंने दूसरे प्रयास में पार की और अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड फिर बेहतर कर दिया। हालांकि, 5.60 मीटर की ऊंचाई पार करने के प्रयास में उन्हें सफलता नहीं मिली। 5.50 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ देव सातवें स्थान पर रहे।

मध्यप्रदेश के एक और खिलाड़ी कुलदीप कुमार ने भी पोल वॉल्ट फाइनल में हिस्सा लिया था। उन्होंने 5.35 मीटर की ऊंचाई पार कर 10वां स्थान हासिल किया। देव और कुलदीप दोनों ने मई 2026 में 5.45 मीटर की छलांग के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद देव ने जून में 5.46 मीटर का नया रिकॉर्ड बनाया और अब नागोया में 5.50 मीटर के साथ उसे फिर सुधार दिया।

एशियन गेम्स में इन उपलब्धियों के साथ मध्यप्रदेश की दोनों खेल अकादमियों की भूमिका भी सामने आई है। देव कुमार मीना और कुलदीप कुमार राज्य एथलेटिक्स अकादमी से प्रशिक्षण ले रहे हैं। जबकि, नीरू ढांडा और मनीषा कीर राज्य शूटिंग अकादमी से जुड़ी हैं। भोपाल स्थित शूटिंग अकादमी में शॉटगन खिलाड़ियों के लिए ट्रैप और स्कीट रेंज समेत आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं हैं। एथलेटिक्स अकादमी में खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण, फिटनेस और प्रतियोगिता आधारित अभ्यास कराया जाता है।

नीरू ढांडा का एशियन गेम्स अभियान अभी जारी है। 30 सितंबर को वह क्यानन चेनाई के साथ ट्रैप मिक्स्ड टीम स्पर्धा में भारतीय चुनौती पेश करेंगी। इस मुकाबले का क्वालिफिकेशन राउंड सुबह और फाइनल दोपहर 2:30 बजे निर्धारित है।

मध्यप्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने देव कुमार मीना, नीरू ढांडा, मनीषा कीर समेत अन्य खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि देव की रिकॉर्डतोड़ छलांग के साथ नीरू और मनीषा की पदक उपलब्धियां प्रदेश के खिलाड़ियों की मेहनत और खेल प्रतिभा को दर्शाती हैं।