मुंबई। टी-20 विश्व कप 2026 की शुरुआत हो चुकी है। टूर्नामेंट के तीसरे मुकाबले में भारत और यूएसए आमने सामने थे। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने यूएसए को 29 रनों से मात दी। इसी के साथ ही टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है।

मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 161 रन बनाए थे। जिसके जवाब में यूएसए की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी।

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम इंडिया ने महज 46 रन के स्कोर पर अपने चार अहम विकेट गंवा दिए थे। ईशान किशन (20), अभिषेक शर्मा (0), तिलक वर्मा (25) और शिवम दुबे (0) जल्दी पवेलियन लौट गए थे। इन चारों बल्लेबाजों के आउट होने की वजह से टीम इंडिया दवाब में आ गई थी।

ऐसे मुश्किल हालात में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पारी संभाली और जिम्मेदारी भरी कप्तानी पारी खेली। सूर्यकुमार ने 49 गेंदों पर 84 रन की नाबाद पारी खेली जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उनके अलावा अक्षर पटेल ने 14 रन और हार्दिक पांड्या ने 5 रन का योगदान दिया था।

162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएसए की टीम को भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव में रखा था। यूएसए की शुरुआत भी लड़खड़ाई और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए थे। विकेटकीपर बल्लेबाज एंड्रीज गाउस सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए थे। जबकि, कप्तान मोनांक पटेल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे।

हालांकि, मिडिल ऑर्डर में संजय कृष्णमूर्ति और शुभम रंजने ने संघर्ष किया। दोनों बल्लेबाजों ने 37-37 रन की पारी खेली। मिलिंद कुमार ने 34 रन बनाए लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सका। अंत में यूएसए की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन ही बना पाई।

भारतीय गेंदबाजों में मोहम्मद सिराज सबसे सफल साबित हुए। उन्होंने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट झटके। अर्शदीप सिंह ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 18 रन देकर 2 विकेट लिए। अक्षर पटेल ने भी 2 विकेट अपने नाम किए। जबकि, वरुण चक्रवर्ती को 1 सफलता मिली।