रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा की 25 वर्षीय ओशिन सिंह सोलंकी ने मध्य प्रदेश सिविल जज परीक्षा को पहले ही प्रयास में पास करके प्रदेशभर में अपनी खास पहचान बना ली है। विंध्य की इस मेधावी बेटी ने न सिर्फ कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की बल्कि एमपी में 17वीं रैंक लाकर रीवा और अपने परिवार का मान भी बढ़ाया है।

सबसे अहम बात यह है कि ओशिन ने यह सफलता अनुशासन, निरंतर पढ़ाई और परिवार के सहयोग से पाई है। उनकी उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि विंध्य की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और जिस लक्ष्य पर ध्यान लगा लें उसे प्राप्त करके ही मानती हैं।

रीवा के नेहरू नगर कॉलोनी की रहने वाली ओशिन शहर के क्रिमिनल लॉयर दल बहादुर सिंह सोलंकी की बेटी हैं। उनकी मां आदर्श सिंह सोलंकी पीटीएस में एडीपीओ के पद पर पदस्थ हैं। ओशिन ने प्राथमिक शिक्षा बाल भारती स्कूल से की है। वहीं, उन्होंने अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय से बीए.एल.एलबी की पढ़ाई की है। उनका एक छोटा भाई भी है जो इस समय 12वीं कक्षा में पढ़ रहा है।

ओशिन ने बताया कि उन्होंने एलएलबी की पढ़ाई के दौरान साल 2023 में ही सिविल जज परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी थी। उसी वर्ष एलएलबी पूरा होने के बाद उन्होंने पूरी गंभीरता के साथ तैयारी शुरू कर दी थी। साल के अंत में परीक्षा का नोटिफिकेशन आने पर उन्होंने एग्जाम दिया और हाल ही में घोषित परिणामों में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली।

ओशिन का कहना है कि उनकी सफलता में माता-पिता का मार्गदर्शन और प्रेरणा अहम योगदान है। दोनों ही लॉ बैकग्राउंड से जुड़े होने के कारण उन्होंने पढ़ाई के हर चरण में ओशिन का साथ दिया था। दोस्तों और शिक्षकों ने भी उन्हें लगातार मोटिवेट किया।

सफलता मिलने के बाद ओशिन ने युवाओं को सलाह दी कि असफलता से घबराएं नहीं बल्कि उससे सीखकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि सकारात्मक माहौल और ऊर्जा बनाए रखना बहुत जरूरी है। माता-पिता की बात मानें और खुद पर भरोसा रखें। ऐसा करने से कामयाबी एक दिन जरूर मिलेगी।

ओशिन की मां आदर्श सिंह सोलंकी के मुताबिक, ओशिन बचपन से ही मेधावी रही हैं। वह कहती हैं कि सही मार्गदर्शन और मेहनत का नतीजा है कि बेटी आज इस मुकाम पर पहुंची है। उन्हें विश्वास है कि ओशिन भविष्य में अपने दायित्वों को बेहद जिम्मेदारी और ईमानदारी से निभाएंगी। रीवा और विंध्य के लिए यह उपलब्धि गर्व का बड़ा क्षण है। ओशिन सिंह सोलंकी अब उन प्रेरणादायक नामों की सूची में शामिल हो गई हैं जिनकी कहानियां आने वाली पीढ़ियों को दिशा देंगी।