CG Exit Polls: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर भूपेश सरकार, तमाम एग्जिट पोल्स में कांग्रेस की प्रचंड वापसी के संकेत

एग्जिट पोल के नतीजों पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने एक्स पर लिखा है भरोसा है बरकरार... आ रही है फिर से कांग्रेस सरकार।

Updated: Nov 30, 2023, 06:29 PM IST

रायपुर। देश के पांच राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम की वोटिंग पूरी हो चुकी है। चुनाव परिणाम 3 दिसंबर घोषित होंगे, लेकिन उससे पहले गुरुवार को तमाम एजेंसियों ने एग्जिट पोल जारी किए हैं। छत्तीसगढ़ को लेकर अबतक जितने भी एग्जिट पोल्स आए हैं उनमें कांग्रेस स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाती नजर आ रही है।

INDIA TV CNX द्वारा जारी पोल के मुताबिक छत्तीसगढ़ में 46 से 56 सीटें जीतकर सरकार बनाने जा रही है। वहीं भाजपा 30 से 40 सीटों पर सिमटकर रह जाएगी। अन्य के खाते में 3 से 5 सीट दिए गए हैं। राज्य में कुल 90 सीटें हैं। यहां बहुमत का आंकड़ा 46 है।

जन की बात एग्जिट पोल की बात करें तो राज्य में 
कांग्रेस 42 से 53 जबकि बीजेपी 34 से 45 और अन्य के खाते में 3 सीटें जाने की उम्मीद है। पोल के नतीजों को लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ता खुश नज़र आ रहे हैं। पोल के नतीजों पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने एक्स पर लिखा है भरोसा है बरकरार... आ रही है फिर से कांग्रेस सरकार।

वहीं, ABP न्यूज सी वोटर की बात करें तो राज्य में कांग्रेस से 41 से 53 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है। जबकि भाजपा 36 से 48 सीटें प्राप्त कर सकती है। अन्य के खाते में 0 से 4 सीटें दी गई है। TV 5 News के मुताबिक राज्य में कांग्रेस 54 से 64 सीटें जबकि भाजपा 29 से 39 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। 

INDIA today Axis my India द्वारा जारी सर्वे में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 40 से 50 जबकि भाजपा 36 से 46 और अन्य को 1 से 5 सीटें दी गई हैं। इसके अलावा Republuc TV matrize के भी पोल सामने आए हैं। इसके मुताबिक भाजपा 34 से 42 जबकि कांग्रेस 44 से 52 सीटें जीत सकती है।