Chhattisgarh: दुर्ग कलेक्टर की दरियादिली

लॉकडाउन में गरीब ने लगाई फुटपाथ पर दुकान, कलेक्टर ने खरीदी सारी सब्जियां

Updated: Jul 29, 2020, 07:22 AM IST

रायपुर। सोशल मीडिया पर कोरोना और उससे जुड़ी कई घटनाओं के वीडियो वायरल होते रहते हैं। कुछ घटनाएं दिल दुखाती हैं, तो कुछ घटनाएं मन को खुश कर जाती हैं। ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें दुर्ग कलेक्टर एक बुजुर्ग सब्जी विक्रेता महिला से सारी सब्जियां खरीद कर उसे घर भेज देते हैं।

दरअसल कोरोना लॉकडाउन में दुकान लगाने वाली महिला की रोजी रोटी का एकमात्र जरिया सब्जी की दुकान थी। ऐसे में दुर्ग कलेक्टर ने उसकी मजबूरी समझी और उसकी सहायता की। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार यह मामला मई का है लेकिन वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है।

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बुजुर्ग महिला लॉकडाउन के दौरान सड़क किनारे सब्जी बेच रही थी। उसी दौरान दुर्ग कलेक्टर अंकित आनंद ने उसे देखा तो पुलिस और अधिकारियों ने महिला को घर जाने के लिए कहा। लेकिन उसकी रोजी रोटी का जरिया सब्जी बेचना ही था। ऐसे में कलेक्टर अंकित आनंद ने पैसे देकर बुजुर्ग महिला से सारी सब्जी खरीद ली। और महिला को घर जाने को कहा, एक  बार में ही सारी सब्जी बिकते ही महिला अपने घर चली गई।

इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो दरअसल पुराना है। लेकिन @Varwandkar ने कलेक्टर के दया भाव के इस वीडियो को अपने ट्विटर पर शेयर किया है। ट्विटर पर अफसर की नेकनीयती और दरियादिली के इस वीडियो को अबतक 16 हजार 200 से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं। वहीं 4 हजार से भी ज्यादा लोगों ने इस वीडियो को शेयर किया है। इस वीडियो पर कुल 308 कमेंट्स हैं, लोग दुर्ग कलेक्टर की दरियादिली और सहानुभूति के लिए उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं।