बॉलीवुड एक्टर रणवीर शौरी कोरोना संक्रमित
एक्टर रणवीर शौरी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया है कि उन्हें कोविड के हल्के लक्षण हैं, जिसके बाद उन्होंने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है

अपनी सहज एक्टिंग के लिए फेमस एक्टर रणवीर शौरी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। बुधवार को रणवीर ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी फैंस को दी। उन्होंने ट्वीटर पर अपनी पोस्ट में लिखा है कि वे कोविड 19 संक्रमित हो गए हैं। फिलहाल उन्हें हल्के लक्षण हैं, जिसके बाद उन्होंने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है। जैसे ही उनका मैसेज सोशल मीडिया पर आय़ा फैंस और दोस्त उनकी सलामती की दुआ करने लगे। जिसके बाद रणवीर ने एक और ट्वीट कर सबकी दुआओं के लिए शुक्रिया करते हुए कहा है कि वे जल्द से जल्द ठीक होकर लौटेंगे।
I have tested positive for #COVID19. Symptoms are mild. Am quarantining.
— Ranvir Shorey (@RanvirShorey) February 17, 2021
कोरोना काल में रणवीर की फिल्म लूटकेस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी। वे पिछले दिनों कई वेब सीरीज में भी नजर आए हैं। इनमें रंगबाज, मेट्रो पार्क, बॉम्बर्स हाई प्रमुख हैं। रंगबाज में उन्होंने ATS चीफ सिद्धार्थ पांडे का किरदार निभाया था। जल्द ही रणवीर Eros Now पर मेट्रो पार्क 2 में नजर आएंगे।
रणवीर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं, वे अपने विचार बेबाक तरीके से रखते हैं। हाल ही में उन्होंने पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि की गिरफ्तारी पर रिएक्शन दिया था। तब सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें ट्रोल किया था।
गौरतलब है कि फिल्मी दुनिया के कई नामचीन कलाकार कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। सबसे पहले सिंगर कनिका कपूर को कोरोना संक्रमण हुआ था। वहीं अमिताभ बच्चन का पूरा परिवार कोरोना की चपेट में आ गया था। उनके बहू-बेटे ऐश्वर्या-अभिषेक और पोती आराध्या कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती थीं। वहीं नीतू कपूर, अर्जुन कपूर, मलाइका अरोड़ा, वरुण धवन, कृति सैनन, रकुलप्रीत सिंह, श्वेता तिवारी, तनाज करीम, वरुण वडोला कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। वहीं सदाबहार सिंगर एसपी बालासुब्रमण्यम औऱ एक्ट्रेस दिव्या भटनागर का कोरोना संक्रमण की वजह से निधन हो गया था।