युवराज सिंह ने लिया टाइगर से पंगा, टाइगर ने दी सिक्सर किंग को मात

दुबई में टाइगर के साथ दो-दो हाथ करते युवी का वीडियो वायरल, फैंस ने किया मजेदार कमेंट, बोले चलो कोई तो चीज मिली जो युवराज सिंह नहीं कर पाए

Publish: Oct 03, 2021, 01:17 PM IST

Photo Courtesy: Instagram
Photo Courtesy: Instagram

दिग्गज क्रिकेटर युवराज सिंह इन दिनों दुबई में हैं। हाल ही में वे दुबई के फेम पार्क घूमने पहुंचे। वहां जू में उन्होंने जमकर मस्ती की, जिसका विडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। युवी का यह मजेदार वीडियो करीब 4 मिनट 28 सेकेंड का है। इस वीडियो में युवी कभी टाइगर से पंगा लेते हैं तो कभी किसी दूसरे पशुओं को खाना खिलाते नजर आते हैं।

वीडियो में युवराज टाइगर से बराबरी की टक्कर ले रहे हैं। यहां एक रस्सी बाघ अपने मुंह में दबाया हुआ है, तो रस्सी का दूसरा छोर युवराज सिंह के हाथ में है। युवी पाजी जोर लगाकर टाइगर को अपनी ओर खींचते नजर आए। लेकिन फैंस को देखकर हैरानी होती है कि टाइगर की ताकत के आगे क्रिकेट के पसीने छूट जाते हैं। वे टाइगर से हार गए जिसके बाद उन्हें मायूस होकर रस्सी छोड़नी पड़ती है। 

 

इंस्टाग्राम पर वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। चंद घंटों में वीडियो को 10 से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। इस वीडियो पर फैंस कई तरह के मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। कोई लिख रहा है कि चलो कोई ऐसा काम तो मिला जिसे युवराज सिंह नहीं कर पाए। एक इंस्टा यूजर लिखते हैं कि टाइगर से ही पंगा ले लिया। एक यूजर ने युवी को शेर बताते हुए लिखा है कि मिल बैठे जब दो शेर। वहीं कई सोशल मीडिया यूजर्स ने जानवरों के साथ मस्ती को लेकर क्रिकेटर को ट्रोल भी किया है। एक यूजर ने लिखा है कि क्या इसी दिन के लिए आपको सेलीब्रिटी बनाया था। आपसे यह उम्मीद नहीं थी।

 युवराज सिंह भले ही क्रिकेट के मैदान में विरोधी टीम से नहीं भिड़ते हैं, लेकिन क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने के बाद भी उनकी फैन फॉलोइंग में कोई कमी नहीं आई है। उनके वीडियोज सोशल मीडिया पर धूम मचाते रहते हैं। फेम पार्क में वे भालू, बंदर जैसे जानवरों के साथ भी वक्त बिताते दिखाई दिए, उन्होंने उन्हें खाना भी खिलाया।