नेपाल में लैंडस्लाइड के कारण 17 लोगों की मौत, 10 लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण नेपाल के अछाम जिले में लैंडस्लाइड हुआ जिसमें लगभग 17 लोगों की मौत हो गई, इस घटना के बाद से 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं

Updated: Sep 17, 2022, 12:04 PM IST

काठमांडू। नेपाल के पश्चिमी जिले अछाम के कई इलाकों में लैंडस्लाइड होने से करीब 17 लोगों की मौत होने की सूचना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस घटना के बाद 10 लोग लापता हैं। वहीं करीब 10 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। लैंडस्लाइड और बाढ़ के कारण बिगड़ते हालातों को देखते हुए गृह मंत्री बाल कृष्ण खांड ने रेस्क्यू के लिए सैन्य हेलीकॉप्टर तैनात करने के निर्देश दिए हैं।

अछाम जिले के उप अधिकारी दीपेश रिजल के मुताबिक लैंडस्लाइड के बाद रेस्क्यू अभियान को तेज कर दिया गया है। बता दें नेपाल में लगातार भारी बारिश हो रही है। जिसके कारण बाढ़ और लैंडस्लाइड की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ के चलते स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लस्कू और महाकाली नदियां उफान पर हैं।

पूर्वी नेपाल का कैलाली जिला भी बुरी तरह प्रभावित हुआ था। शुक्रवार से लगातार हो रही बारिश के बाद जिले में करीब 600 घर बाढ़ के पानी में डूब गए हैं। पुलिस के मुताबिक कांद्रा और पथरिया नदियों में बाढ़ आने से 500 से ज्यादा घर जलमग्न हो गए हैं। 

कैलाली के डीएसपी वेद प्रकाश जोशी ने बताया कि भजनी नगर में पथरिया नदी का पानी प्रवेश करने से करीब 160 घरों में पानी भर गया। बता दें कि नेपाल को हर साल मॉनसून के दौरान बाढ़ और भूस्खलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। हर साल ऐसी आपदाओं से दर्जनों लोगों की मौत होती है।