अमेरिका: अटलांटा के तीन मसाज पार्लरों में फायरिंग, 4 महिलाओं समेत 8 की मौत

मृतक महिलाओं में ज्यादातर एशियाई मूल की हैं, पुलिस ने जॉर्जिया से एक 21 वर्षीय संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, अब तक यह पता नहीं चला है कि हमलावर ने ऐसा क्यों किया

Updated: Mar 17, 2021, 03:31 AM IST

Photo Courtesy: AP
Photo Courtesy: AP

अटलांटा। अमेरिका के अटलांटा में अंधाधुंध गोलीबारी की खौफनाक वारदात हुई है। अटलांटा के जॉर्जिया इलाके में बीती रात तीन मसाज पार्लरों में धुआंधार फायरिंग की गई, जिससे 4 महिलाओं समेत 8 लोगों की मौत हो गई। खास बात यह है कि मृतक महिलाओं में ज्यादातर एशियाई मूल की बताई जा रही हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी की ये घटनाएं अटलांटा स्थित दो और उपनगरीय इलाके में मौजूद एक मसाज पार्लर पर हुई हैं। अटलांटा पुलिस प्रमुख रॉडनी ब्रायंट ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी अटलांटा स्थित पार्लर में 3 लोग मारे गए। जबकि एक अन्य की मौत सड़क के दूसरी ओर मौजूद दूसरे पार्लर पर हुई। उन्होंने बताया है कि ये चारों मृतक महिलाएं हैं। बताया जा रहा है कि चार अन्य लोगों की मौत चेरोकी काउंटी स्पा पर हुई है।

अटलांटा के पुलिस प्रमुख रोडनी ब्रायंट ने कहा कि पूर्वोत्तर अटलांटा के एक स्पा में तीन लोग मारे गए, जबकि चौथे व्यक्ति को सड़क के पार एक अन्य स्पा में मार दिया गया। उन्होंने कहा कि यह चारों महिलाएं एशियाई मूल की थीं। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, कैप्टन जे बेकर ने बताया कि अधिकारियों को गोलीबारी में जख्मी हुए 5 लोग मिले। इनमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन को अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचकर एक और शख्स की मौत हो गई। 

मामले की जांच कर रही पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर जॉर्जिया से एक 21 साल के लड़के को हिरासत में लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जांचकर्ता तीनों मसाज पार्लर पर हुई गोलीबारी के आपस में जुड़े होने की संभावना की जांच भी कर रहे हैं। हालांकि अभी तक ऐसा कोई सबूत सामने नहीं आया है, लेकिन वह इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि तीनों घटनास्थलों पर एक ही शख्स ने गोलीबारी की है।