अगर ऑफिस के लिए रास्ते में हैं तो घर लौट जाएं, ट्विटर ने आज से शुरू की कर्माचारियों की छंटनी

बड़े बदलाव की ओर सोशल मीडिया कंपनियां, भारत में मेटा के हेड अजीत मोहन ने भी छोड़ी नौकरी, ट्विटर ने सभी कर्मचारियों को लौटाया घर।

Updated: Nov 04, 2022, 04:27 AM IST

कैलिफोर्निया/नई दिल्ली। सोशल मीडिया के क्षेत्र में बड़े स्तर पर बदलाव हो रहा है। एक ओर जहां माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर ने कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है। वहीं प्रतिद्वंदी मेटा (फेसबुक) के इंडिया हेड ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। ट्विटर ने तो अपने कर्मचारियों को साफ कहा कि अगर ऑफिस के लिए रास्ते में हैं तो घर लौट जाएं।

दरअसल, ट्विटर को खरीदने के बाद एलन मस्क लगातार कड़े फैसले ले रहे हैं। उन्होंने ज्वाइन करने के साथ ही सीईओ पराग अग्रवाल समेत तमाम शीर्ष कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। इसके बाद ब्लू टिक सर्विस को पेड करने का ऐलान किया। ताकि उससे पैसा कमाया जा सके। अब उन्होंने वर्कफोर्स कम करने का निर्णय लिया है। उन्होंने नियम-कानूनों में भी फेरबदल करना शुरू कर दिया है। उनके द्वारा उठाए जा रहे इन कदमों की जमकर आलोचना तक की जा रही है।

यह भी पढ़ें: ट्विटर पर ब्लू टिक के लिए हर महीने देने होंगे 8 डॉलर, एलन मस्क ने ट्वीट कर दी जानकारी

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक कंपनी ने अपने कर्मचारियों को एक मेल में लिखा है कि, 'ट्विटर को सही रास्ते पर लाने के प्रयास में, हम शुक्रवार को अपने वैश्विक कार्यबल को कम करने की कठिन प्रक्रिया से गुजरेंगे। हमारे सभी कार्यालय अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। यदि आप किसी कार्यालय में हैं या कार्यालय जा रहे हैं, तो कृपया घर लौट जाएं। जो कर्मचारी छंटनी से प्रभावित नहीं होंगे, उन्हें उनके कार्य ईमेल के माध्यम से उन्हें सूचित किया जाएगा।'

इधर ट्विटर का प्रतिद्वंदी मेटा (फेसबुक) भी तमाम चुनौतियों से जूझ रहा है। मेटा के इंडिया हेड अजीत मोहन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने बताया कि बेहतर अवसर की तलाश के लिए मोहन ने अपने पद से इस्तीफा दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार मोहन जल्द ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैप में अपनी सेवाएं शुरू कर सकते हैं। मेटा से पहले अजीत मोहन ने चार साल तक स्टार इंडिया की वीडियो स्ट्रीमिंग सेवा हॉटस्टार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्य किया है।