मंगल ग्रह पर NASA को दिखी नूडल्स जैसी आकृति, सोशल मीडिया यूजर्स बोले- एलियंस भी खाते हैं मैगी

मंगल ग्रह पर मौजूद नासा के पर्सीवरेंस रोवर ने एक हैरान करने वाली तस्वीर खींची है। इस तस्वीर में उलझे हुए धागे जैसी आकृति देखने को मिली, जब इस फोटो को वैज्ञानिकों ने देखा तब उन्होंने इस जगह रोवर को वापस भेजा। लेकिन वहां वापस जाने पर रोवर को कुछ नहीं मिला।

Updated: Jul 28, 2022, 11:31 AM IST

वॉशिंगटन। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा के पर्सीवरेंस रोवर को मंगल पर एक रहस्यमय चीज देखने को मिली है। लाल ग्रह पर उलझे हुए धागों जैसी ये आकृति दिखी है। वैज्ञानिकों ने बताया कि वस्तु की आकृति नूडल्स के टुकड़े जैसी थी। हालांकि, बाद में रोवर को जब वहां वापस भेजा गया तो वह वस्तु गायब हो चुकी थी। सोशल मीडिया यूजर्स इस घटना के बाद कहने लगे हैं कि एलियंस भी मैगी खाने लगे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक रोवर के फ्रंट लेफ्ट हैजर्ड अवॉइडेंस कैमरे ने 12 जुलाई को हल्के रंग की एक चीज की फोटो ली। इस फोटो के सामने आते ही कुछ लोगों ने इसे स्पेगेटी बताया। हालांकि नासा के अन्य अधिकारियों का मानना है कि ये रोवर की लैंडिंग से जुड़ी कोई चीज होगी। हालांकि, इस तस्वीर अंतरिक्ष पर नज़र रखने वालों को आश्चर्य में डाल दिया है। यह आकृति ऐसी है जैसे मंगल गृह पर इटैलियन डाइनिंग की कोई डिश रखी हो।

नासा की जेट प्रपल्शन लैब ने AFP को बताया, 'हम इस बारे में चर्चा कर रहे हैं कि यह कहां से आया, लेकिन ऐसी अटकलें हैं कि यह रोवर को ज़मीन पर लाने के लिए प्रयोग किए गए पैराशूट की रस्सी का हिस्सा है। लेकिन हमारे पास इसकी कोई पुष्टि नहीं है कि यह वही है या कुछ और है।'

कैलिफोर्निया के पासाडेना में नासा की जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी में पर्सीवरेंस के प्रवक्ता के मुताबिक ये धागे जैसी चीज रोवर या उसके डिसेंट स्टेज से जुड़ी हो सकती है। डिसेंट स्टेज में छोटे-छोटे रॉकेट बूस्टर होते हैं जो गिरते हुए रोवर की लैंडिंग को आसान बनाते हैं, ताकि वह ग्रह की सतह से न टकराए। जिस जगह ये धागा मिला है वहां पर्सीवरेंस पहले नहीं गया था। ऐसे में माना जा रहा है कि हवाओं के कारण ये चीज उड़ कर गई होगी।

बता दें कि नासा का पर्सीवरेंस रोवज मंगल जीवन की खोज कर रहा है। यहां रोवर माइक्रोस्कोपिक जीवन के संकेत खोज रहा है। वैज्ञानिकों का मानना है कि अरबों वर्ष पहले मंगल इन जीवों का घर रहा होगा। जब इस चीज की फोटो वैज्ञानिकों को मिली तो उन्होंने रोवर को वापस उसी जगह भेजा। चार दिन बाद जब रोवर वापस वहां गया तो यह धागे जैसी दिखने वाली चीज गायब हो गई थी।