यूनाइटेड किंगडम के बर्मिंघम शहर में लोगों को चाकू मारने की बड़ी घटना सामने आई है। बहुत से लोग इन हमलों का शिकार हुए हैं। हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि वे कितने गंभीर तरीके से घायल हुए हैं। पुलिस ने लोगों से घटना वाले स्थान से दूर रहने को कहा है। 

बताया जा रहा है कि रविवार की आधी रात को यह हमले हुए हैं। पुलिस को तुरंत इनकी सूचना दे दी गई। एक पुलिस अधिकारी ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थान को बताया कि हमें गोलियां चलने की शिकायत भी मिली थी। हालांकि, गोलीबारी के सबूत नहीं मिले हैं। 

दूसरी तरह एक गवाह कारा ने बीबीसी रेडियो को बताया कि उसने घटना के दौरान नस्लवादी टिप्पणियां सुनीं और उसे लगा कि यह एक समूह का दूसरे समूह से टकराव है। कारा ने बताया कि दो समूह पहले आपस में बहस कर रहे थे फिर अचानक से लड़ने लगे। मुठ्ठियां भिंच गईं और चाकू निकल आई। 

दूसरी तरफ वेस्ट मिडलैंड पुलिस ने एक बयान में कहा, "हम हमलों का शिकार हुए लोगों की संख्या से अवगत हैं। हालांकि, अभी यह नहीं कह सकते कि वे कितने गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी आपातकालीन सेवाएं एक साथ काम कर रही हैं ताकि घायल लोगों को चिकित्सीय सहायता मिल सके।"

पुलिस ने कहा कि जो कुछ भी हुआ है, उसकी तहकीकात जारी है। इसे पूरा होने में थोड़ा समय लगेगा। तभी हम कुछ कह पाएंगे। अभी शुरुआती समय में घटना के कारण की वजह बताना सही नहीं होगा।