अमेरिका में उपराष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस की जीत के लिए भारत में भी दुआ मांगी जा रही है।तमिलनाडु के थुलेन्द्रपुरम गांव में लोग कमला की जीत के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। यहां लोगों ने उनके समर्थन में स्पेशल रंगोली बनाई है। महिलाओं ने सुंदर रंगोली के जरिए उनकी जीत के लिए शुभकामना दी है। एक रंगोली में अंगूठे का निशान बनाया और लिखा है We Wish Kamala Harris wins, यानि हम कमला हैरिस की जीत की कामना करते हैं। 

इतना ही नहीं गांव में चारों ओर उनके समर्थन में बैनर पोस्टर भी लगाए गए हैं। यहां के लोगों को उम्मीद है अमेरिका में चुनाव जीतने के बाद, कमला यहां आएंगी और उनसे जरूर मिलेंगी। गांव के मंदिर में उनकी जीत के लिए विशेष प्रार्थना सभा भी की गई है।

 55 साल की कमला हैरिस डेमोक्रेटिक पार्टी से हैं। उनका संबंध भारत के साथ-साथ वह अफ्रीका से भी है। कमला लॉ ग्रैजुएट हैं। जनता में उनकी छवि बराक ओबामा जैसी है, लोग उन्हें लेडी ओबामा भी कहते हैं।

भारतीय मूल की कमला की मां श्यामला गोपालन चेन्नई से थीं। 1960 में वे स्तन कैंसर पर रिसर्च करने के लिए अमेरिका गईं थी। उन्होंने ब्रेस्ट कैंसर साइंटिस्ट के तौर पर अमेरिका में काम करते हुए वहां की नागरिकता ले ली थी।

कमला के पिता डोनाल्ड जे हैरिस जमैका से थे और स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर थे।

कमला हैरिस के नाना पीवी गोपालन चेन्नई के थुलसेंथिरापुरम गांव के रहने वाले थे।