नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र ने अनुमान लगाया है कि 15 नवंबर तक दुनिया की आबादी आठ अरब तक पहुंच जाएगी। UN ने एक रिपोर्ट में आगे कहा है कि भारत 2023 में दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में चीन की जगह ले लेगा। 

संयुक्त राष्ट्र के अनुमान के अनुसार, विश्व की जनसंख्या 2030 में लगभग 8.5 अरब और 2050 में 9.7 अरब तक बढ़ सकती है। 2080 के दशक में जनसंख्या लगभग 10.4 अरब के शिखर पर पहुंचने और 2100 तक वहीं रहने का अनुमान है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा, 'यह हमारे ग्रह की देखभाल करने की हमारी साझा जिम्मेदारी की याद दिलाता है और यह सोचने का क्षण है कि हम अभी भी एक-दूसरे के प्रति अपनी प्रतिबद्धताओं से कहां चूकते हैं।'

यह भी पढ़ें: वृंदावन में प्रज्ञा ठाकुर की गुंडागर्दी, धर्माचार्य की पत्नी पर किया हमला, सांसद का PSO और ड्राइवर गिरफ्तार

वहीं रिपोर्ट में 2050 तक एक मनुष्य की औसतन आयु 77.2 वर्ष तक पहुंचने का अनुमान भी लगाया गया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि महिलाएं पुरुषों के मुकाबले औसतन 5.4 वर्ष ज्यादा जीतीं हैं। महिलाओं की औसत आयु 73.4 साल और पुरुषों की औसत आयु 68.4 वर्ष आंकी गई है।

इस वर्ष 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस पर जारी संयुक्त राष्ट्र विश्व जनसंख्या संभावना 2022 में आंकड़ों का खुलासा किया गया था, लेकिन अब 15 नवंबर के आते ही इस पर चर्चा शुरू हो गई है। एजेंसी ने यह भी कहा कि 1950 के बाद पहली बार 2020 में वैश्विक जनसंख्या वृद्धि एक प्रतिशत से नीचे गिर गई है।