पाकिस्तान के एक यूट्यूबर ने शादी पर अपनी दुल्हन को गिफ्ट किया गधा, बताया सबसे मेहनती जानवर

तोहफे में गधा ही क्यों दिया जा रहा है? इसके जवाब में दूल्हा बने अजलान शाह कहते हैं- पहला तो ये कि गधे का बच्चा दुल्हन को बहुत पसंद है और दूसरा ये कि यह दुनिया का सबसे प्यारा और मेहनती जानवर है।

Updated: Dec 10, 2022, 09:01 AM IST

लाहौर। पाकिस्तान का एक यूट्यूबर सुर्खियों में है। उसने अपनी शादी के दिन दुल्हन को गधे का बच्चा गिफ्ट किया है। खुद यूट्यूबर ने इस घटना का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

इस एनीमल लवर यूट्यूबर का नाम अजलान शाह है, जबकि उनकी पत्नी का नाम वारिशा है। गधा गिफ्ट देने की वजह बताते हुए अजलान कहते हैं- एक तो गधे का बच्चा वारिशा को बहुत पसंद है। दूसरा यह दुनिया का सबसे प्यारा और मेहनती जानवर है।

अजलान शाह पाकिस्तान के मशहूर यूट्यूबर हैं. उनके कई वीडियोज वायरल हुए हैं। पिछले दिनों उन्होंने वारिशा से निकाह किया। निकाह के बाद रिसेप्शन हुआ। इस वेडिंग रिसेप्शन में अजलान ने वारिशा को उनकी पसंद का गिफ्ट दिया, जो कि एक गधे का बच्चा है। वे दोनों अब गधे के बच्चे को गोद लेने की योजना बना रहे हैं।

वैसे आपको बता दें कि भारत में जिस गधे की खास इज्जत नहीं होती, उस गधे की पाकिस्तान में काफी वैल्यू है। पाकिस्तान में गधे कितने अहम है, इसका अंदाजा आप गधे की बढ़ती जनसंख्या के हिसाब से भी लगा सकते हैं। जुलाई में आए डेटा के अनुसार, पाकिस्तान में गधों की संख्या बढ़कर 5.7 मिलियन हो चुकी है।

बता दें कि पाकिस्तान में गधों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। 2019-2020 में यह संख्या 5.5 मिलियन थी और अब यह संख्या 5.6 मिलियन हो गई है। पाकिस्तान में गधों के पालन का काफी काम चल रहा है, क्योंकि अर्थव्यवस्था में भी इनका अहम योगदान है। पाकिस्तान में गधे ना सिर्फ उस देश में काम आ रहे हैं, बल्कि उनका निर्यात भी किया जा रहा है। पाकिस्तान में गधे एग्रीकल्चर में भी काम आ रहे हैं।