रात के 3 बजे भोपाल के भदभदा डैम के 2 गेट खुले, 20 साल बाद सितंबर में खुले हैं गेट

बड़े तालाब के कैचमेंट में ज्यादा बारिश होने के कारण तालाब का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था। इसी कारण रात तीन बजे भदभदा के 2 गेट खोले गए।

Publish: Sep 23, 2023, 12:52 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की लाइफलाइन कहे जाने वाले बड़ा तालाब का जलस्तर अपने फुल टैंक लेवल पर पहुंच गया है। सीहोर में हुई तेज बारिश के कारण बड़े तालाब के कैचमेंट एरिया में तेजी से पानी आ रहा था जिस कारण आज रात 3 बजे भदभदा डैम के 2 गेट खोले गए हैं। भदभदा से यह पानी कलियासोत डैम में पहुंचेगा जिससे उसके जलस्तर में भी बढ़ोतरी होगी।

20 साल बाद सितंबर महीने में भदभदा के गेट खोले गए हैं। इसके पहले 2003 में भदभदा के गेट सितंबर माह में खोले गए थे। पिछले साल डैम जुलाई में ही फुल हो गया था। भोपाल के बड़ा तालाब का पानी भदभदा डैम से होते हुए कलियासोत डैम में जाता है, यह तीनों आपस में लिंक हैं। कल शाम तक बड़ा तालाब का जलस्तर 1666.30 फ़ीट पहुंच गया था। जबकि इसका फुल टैंक लेवल 1666.80 फ़ीट है। रात में पानी और बढ़ गया और लेवल फुल टैंक से ऊपर पहुंच गया इसके बाद रात को 3 बजे भदभदा के गेट खोल दिये गए।

भदभदा से यह पानी कलियासोत डैम में जायेगा। जिसके आज कलियासोत के भी गेट खोले जा सकते हैं। कलियासोत का वॉटर लेवल अभी 1652 फ़ीट है। इसका फुल टैंक लेवल 1659 है। वहीं भोपाल के अन्य बड़े जलाशयों में भी लगातार पानी आ रहा है। कोलार डैम 6 फ़ीट खाली रह गया है। कलियासोत डैम 7 फ़ीट खाली है। केरवा डैम 3 फ़ीट खाली रह गया।