मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना शहर में मंगलवार को एक निजी स्कूल के बाहर से 4 वर्षीय बच्चे के दिनदहाड़े अपहरण का मामला सामने आया है। स्कूल की छुट्टी के बाद स्कूटी पर आए दो युवक बच्चे को गोद में उठाकर अपने साथ ले गए और फरार हो गए। पूरी घटना स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस ने शहरभर में नाकेबंदी कर तलाश अभियान शुरू कर दिया है। जबकि, आसपास के इलाकों में भी आरोपियों की तलाश की जा रही है।

घटना गायत्री कॉलोनी स्थित रेनबो प्ले स्कूल की है। अपहृत बच्चे की पहचान कार्तिकेय (4) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छुट्टी के बाद एक युवक स्कूल के बाहर पहुंचा और कार्तिकेय को गोद में उठाकर पास खड़ी स्कूटी तक ले गया। वहां पहले से दूसरा युवक मौजूद था। इसके बाद दोनों बच्चे को लेकर तेजी से मौके से निकल गए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।

यह भी पढ़ें:भारत-UK फ्री ट्रेड एग्रीमेंट आज से लागू, सस्ती होंगी ब्रिटिश कारें, व्हिस्की और फैशन प्रोडक्ट्स

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पारिवारिक विवाद का एंगल भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, कार्तिकेय की मां इशू यादव और पिता नीलेश यादव के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। इशू अपने पति से अलग होकर बेटे के साथ मुरैना स्थित मायके में रह रही थी। कार्तिकेय अपने नाना-नानी के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था और करीब दो महीने पहले ही उसका रेनबो प्ले स्कूल में दाखिला कराया गया था।

पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज बच्चे की मां को दिखाया तो उन्होंने उसमें दिखाई दे रहे एक व्यक्ति की पहचान अपने पति नीलेश यादव के ड्राइवर के रूप में की। हालांकि, दूसरे युवक को पहचानने से उन्होंने इनकार कर दिया। इस जानकारी के आधार पर पुलिस जांच का दायरा बढ़ाते हुए सभी संभावित कड़ियों को खंगाल रही है।

यह भी पढ़ें:महाकाल दर्शन के लिए AI से बनाया फर्जी VIP पास, सुरक्षा जांच में तीन युवक धराए

पुलिस के मुताबिक, बच्चे के पिता का मोबाइल फिलहाल बंद है। मामले से जुड़े कई मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाया गया है और शहर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। संभावित सुरागों के आधार पर एक पुलिस टीम धौलपुर की ओर भी रवाना की गई है।

जांच में यह भी सामने आया है कि इशू यादव और मुंबई निवासी नीलेश यादव मूल रूप से राजस्थान के पाली के रहने वाले हैं। दोनों की पहचान साल 2018 में फेसबुक के जरिए हुई थी। दोनों ने 2019 में शादी की थी और कार्तिकेय का जन्म मुंबई में हुआ। बाद में वैवाहिक विवाद बढ़ने पर इशू बेटे को लेकर मुरैना लौट आईं और आगरा में शिक्षण कार्य करने लगीं।

यह भी पढ़ें:भिलाई के स्वामी आत्मानंद स्कूल में मास साइकोजेनिक इलनेस से जूझ रही छात्राएं, एक के बाद एक की बिगड़ रही तबियत

सीएसपी दीपाली चंदेरिया ने बताया कि पुलिस हर संभावित पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। कुछ अन्य जानकारियां भी सामने आई हैं जिनके आधार पर एक युवक से पूछताछ की जा रही है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस की प्राथमिकता बच्चे को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करना है और इसके लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।